चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से बुधवार को ग्रुप डी के 7596 पदों का परीक्षा परिणाम जारी किया गया. बता दें कि आयोग की तरफ से एक नोटिस जारी किया गया, जिसमें विभिन्न ग्रुप सी कुछ भर्तियों को वापस ले लिया गया है. अब यह भर्तियां नए CET के बाद होंगी. राज्य सरकार ने पिछले साल की कई भर्तियों के लगभग 8,653 पद वापस लें लिए है. अब यह भर्ती नए सिरे से की जाएंगी.
सबसे पहले होगी पुलिस कांस्टेबल की भर्ती
ग्रुप- सी के लिए सीईटी जुलाई में होगा, जबकि अगस्त में सबसे पहले हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा पुलिस कांस्टेबल की भर्ती की जाएगी. ऐसे में प्रदेश में जल्द ही 5600 पुलिस के पदों पर भर्ती होगी. पुलिस कांस्टेबल के पदों पर भर्ती के अतिरिक्त 3000 से अधिक पदों पर भी भर्ती की जाएगी. आयोग ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है.
अबकी बार भी होगी रोडवेज बसों की व्यवस्था
HSSC के चेयरमैन एडवोकेट हिम्मत सिंह ने कर्मचारियों के साथ बैठक भी की है, जल्द ही मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ग्रुप-सी सीईटी की तैयारियों को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के बारे में मीटिंग करेंगे. पिछली बार की तरह अबकी बार भी रोडवेज की बसों की व्यवस्था की जाएगी. चूंकि यह अब तक की सबसे बड़ी परीक्षा होगी, इस वजह से आयोग और सरकार तैयारी में जुट चुके है.
2 दिन के 4 सत्र में होगा परीक्षा का आयोजन
ग्रुप- सी के सीईटी की तैयारी तेज हो चुकी है. आयोग की तरफ से जांच पड़ताल के बाद कुछ सेंटरों को हटाने का फैसला लिया है, इनके स्थान पर कुछ नए सेंटर भी ऐड किये जाएंगे. सूत्रों के अनुसार परीक्षा दो दिन में आयोजित होगी. 13.47 लाख अभ्यर्थियों के लिए दो दिनों के चार सत्रों में परीक्षा का आयोजन होगा. संभावना है कि जुलाई के किसी भी शनिवार या रविवार को इस परीक्षा का आयोजन हो.
