भिवानी, Haryana Weather Update | हरियाणा में मॉनसून सीजन की शुरुआत हो चुकी है और मानसून ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है. इसी बीच चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) द्वारा आज 5 जुलाई को प्रदेश के 15 जिलों में बरसात का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 4 दिनों तक इसी प्रकार बरसात का सिलसिला जारी रहेगा.
सामान्य से अधिक हुई बारिश दर्ज
आईएमडी का कहना है कि प्रदेश में अब तक 86.5 एमएम बरसात हुई है. आमतौर पर इस अवधि के दौरान 68 एमएम बरसात होती है. इस प्रकार देखा जाए तो इस बार सामान्य से 27% ज्यादा बरसात हुई है. बीते 24 घंटे के दौरान मौसम में हुए बदलाव से प्रदेश के अधिकतम तापमान में भी उतार- चढ़ाव देखने को मिला है. सबसे ज्यादा 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी महेंद्रगढ़ के तापमान में दर्ज की गई है, जहां का तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, 0.9 डिग्री की गिरावट के साथ कुरुक्षेत्र का तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
इन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट
मौसम विभाग द्वारा आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. शुक्रवार को प्रदेश के 12 जिलों हिसार, रोहतक, भिवानी, गुरुग्राम, पानीपत, करनाल, फतेहाबाद, झज्जर, चरखी दादरी, जींद और महेंद्रगढ़ में बारिश दर्ज की गई. बीते कई दिनों से प्रदेश में लगातार बरसात हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है. पहले तापमान 43 डिग्री के आसपास था, अब वह 40 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है.
6 और 7 जुलाई को इन जिलों में बरसात के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 6 जुलाई को अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में 75 से 100% और सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी में 50 से 75% बारिश की संभावना जताई गई है. 7 जुलाई को भी पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में 75 से 100% और सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी में 50 से 75% बारिश के आसार हैं.
8 जुलाई को यहाँ होगी बारिश
8 जुलाई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में 75 से 100% बारिश हो सकती है. कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी और झज्जर में 50 से 75% और हिसार, फतेहाबाद में 25 से 50% तक बारिश होने की संभावना जताई गई है.
