नई दिल्ली | भारतीय सेना किसी भी मामले में किसी अन्य देश से कम नहीं है. उसी कड़ी में भारतीय नौसेना के गौरवशाली और शौर्य भरे इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है. सब लेफ्टिनेंट आस्था पूनिया को इंडियन नेवी की पहली महिला फाइटर पायलट बनने का गौरव प्राप्त हुआ है. यह पहली बार है जब भारतीय नौसेना की लड़ाकू शाखा में किसी महिला अधिकारी को शामिल किया गया है.
हरियाणा और यूपी से जुड़ी हैं आस्था पूनिया
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आस्था पूनिया हरियाणा की रहने वाली हैं और उत्तर प्रदेश से भी उनका संबंध बताया गया है. प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया. उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से देश की अन्य बेटियों को भी नई प्रेरणा मिलेगी. यह कामयाबी भारतीय सेना के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी.
विशाखापट्टनम में हुआ सम्मान समारोह
बुधवार 3 जुलाई को विशाखापट्टनम स्थित आईएनएस देगा में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान आस्था पूनिया को ‘विंग्स ऑफ गोल्ड’ से सम्मानित किया गया. उन्हें यह सम्मान नौसेना स्टाफ (वायु) के सहायक प्रमुख, रिटायर्ड एडमिरल जनरल बेवली द्वारा प्रदान किया गया. इस कार्यक्रम में नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक और अन्य प्रशिक्षु भी मौजूद रहे. यह ऐतिहासिक पल था क्योंकि आस्था पूनिया बेसिक हॉक कन्वर्जन कोर्स के दूसरे बैच की पहली महिला फाइटर पायलट बनी हैं.
नेशनल डिफेंस अकादमी से ली ट्रेनिंग
मिली जानकारी के अनुसार, नौसेना में शामिल होने से पहले आस्था ने नेशनल डिफेंस अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त किया. अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वह कौन सा फाइटर जेट उड़ाएंगी, लेकिन भारतीय नौसेना के पास मिग- 29 जैसे एडवांस्ड फाइटर जेट्स हैं, जो आईएनएस विक्रमादित्य और आईएनएस विक्रांत जैसे एयरक्राफ्ट कैरियर से उड़ान भर सकते हैं. मिग- 29 को विशेष रूप से नौसेना के लिए डिजाइन किया गया है.
भारतीय नौसेना ने ‘X’ पर साझा की जानकारी
इंडियन नेवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि नेवल एविएशन में एक नया अध्याय जुड़ गया है. 3 जुलाई 2025 को इंडियन नेवल स्टेशन में द्वितीय बेसिक हॉक कन्वर्जन कोर्स के समापन के साथ आस्था पूनिया नेवल एविएशन की फाइटर स्ट्रीम में शामिल होने वाली पहली महिला पायलट बनी हैं.
#IndianNavy proudly celebrated the graduation of the Second Basic Hawk Conversion Course at #INSDega, #Visakhapatnam. On 03 Jul 2025, Lieutenant Atul Kumar Dhull and Sub Lieutenant Aastha Poonia received the prestigious ‘#WingsofGold’ from Rear Admiral Janak Bevli, ACNS (Air).… pic.twitter.com/lEk1GA0Vqd
— Defence Production India (@DefProdnIndia) July 4, 2025
पिता ने जताया गर्व
आस्था की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके पिता अरुण पूनिया बेहद गौरवान्वित दिखे. उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि आस्था बचपन से ही पायलट बनने का सपना देखती थी और आज उसने उसे साकार कर दिखाया है. अरुण पूनिया मेरठ के सरधना स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में गणित के शिक्षक हैं. गौरतलब है कि वर्तमान में भारतीय वायुसेना में 20 महिला फाइटर पायलट सेवाएं दे रही हैं. हालांकि, देश की जनसंख्या के अनुपात में फोर्सेज में महिलाओं की संख्या अभी भी कम है. आने वाले समय में उम्मीद की जा रही है कि थल सेना, वायु सेना और नौसेना तीनों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ेगी.
