अंबाला | रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यदि आप भी आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो एक बार इस खबर को ध्यान से पढ़ लें अन्यथा बेवजह की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. खराब मौसम और कई जगहों पर मेंटनेंस कार्य के चलते कुछ ट्रेनें देरी से संचालित हो रही है, जिनकी जानकारी भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने साझा की है ताकि यात्री उसी हिसाब से अपनी यात्रा की योजना बना सकें.
साढ़े तीन घंटे देरी से चलेगी ट्रेनें
भारतीय रेलवे द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया है कि फिरोजपुर रेलवे मंडल के तहत आने वाले जालंधर सिटी- अमृतसर सेक्शन के बीच सुरानुस्सी स्टेशन पर 10 से 14 जुलाई को इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग, सिग्नल गियर के प्रतिस्थापन कार्य के चलते ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है. ऐसे में पंजाब से आवाजाही करने वाली दो ट्रेनों का संचालन 12 व 13 जुलाई को देरी से किया जाएगा.
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि कटिहार से अमृतसर जाने वाली ट्रेन नंबर 15707, आम्रपाली एक्सप्रेस 12 जुलाई को 3:35 घंटे की देरी से रवाना होगी. इसके अलावा जयनगर से अमृतसर जाने वाली ट्रेन नंबर 04651, स्पेशल ट्रेन का 90 मिनट की देरी से संचालित होगी.
जालंधर तक संचालित होगी यह ट्रेनें
जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि इसके अलावा उत्तर प्रदेश से अंबाला के रास्ते लुधियाना व अमृतसर तक जाने वाली पांच एक्सप्रेस ट्रेनें जालंधर तक ही संचालित होगी.
