फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र से सावन महीने में भोलेनाथ की नगरी हरिद्वार जाने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. कांवड़ यात्रा को देखते हुए हरियाणा परिवहन विभाग ने फरीदाबाद के बल्लभगढ़ बस डिपो से हरिद्वार के लिए अतिरिक्त बसें संचालित करने का फैसला लिया है, ताकि अतिरिक्त भीड़- भाड़ से छुटकारा मिल सके.

कांवड़ यात्रा के लिए चलेगी स्पेशल बसें
11 जुलाई से कांवड़ यात्रा की शुरुआत हो चुकी है और यह 23 जुलाई तक चलेगी. ऐसे में एनसीआर क्षेत्र के शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार निकलना शुरू हो चुके हैं, जिसको लेकर रोडवेज विभाग द्वारा बल्लभगढ़ से हरिद्वार के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू कर दी गई है. ये बसें सराय काले खां, मेरठ एक्सप्रेसवे और रूड़की होते हुए हरिद्वार का सफर तय करेगी. इन बसों में प्रति व्यक्ति यात्री किराया 380 रुपए निर्धारित किया गया है.
यह रहेगी टाइमिंग
बस स्टैंड अधिकारी जयपाल राठी ने बताया कि पहले से ही हरिद्वार के लिए 2 बसों का संचालन किया जा रहा था, लेकिन कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए शाम के समय अलग से 2 बसों के संचालन को और हरी झंडी दिखाई गई है. फरीदाबाद डिपो की 4 बसे प्रतिदिन हरिद्वार के लिए चलेगी.
इनमें से 2 बसें पलवल बस स्टैंड से संचालित हो रही है. यह बसें सुबह साढ़े 5 बजे और दोपहर साढ़े 11 बजे बल्लभगढ़ बस स्टैंड से होकर हरिद्वार के लिए रवाना होगी. इसके अलावा, बल्लभगढ़ बस स्टैंड से सुबह 5 बजे और एक बस रात सवा 8 बजे संचालित होगी. रात वाली बस साढ़े 8 बजे NIT फरीदाबाद बस स्टैंड से होकर वाया दिल्ली और मेरठ के रास्ते हरिद्वार का सफर तय करेगी. उन्होंने बताया कि 23 जुलाई तक इन 2 अतिरिक्त बसों का संचालन जारी रहेगा. यदि और बसों के संचालन की जरूरत पड़ती है, तो उच्च अधिकारियों के आदेश पर फैसला लिया जाएगा.