नई दिल्ली | इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) छात्रों को विभिन्न प्रकार के कोर्सेज उपलब्ध करवाती है. इसी के चलते यह यूनिवर्सिटी एक और नया कोर्स लेकर आई है. IGNOU ने जुलाई सेशन 2025 से बीए होम साइंस कोर्स को शुरू किया है. यह कोर्स चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम (FYUP) के तहत ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) मोड में मौजूद होगा.
बीए होम साइंस कोर्स
इस कोर्स को सतत स्कूल शिक्षा (School of Continuing Education) संचालित करेगा. अगर आप भी इस कोर्स को करना चाहते हैं और इसके बारे में जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं, तो हमारी यह खबर जरूर पढ़ें. आज हम आपको बताएंगे कि इग्नू के बीए होम साइंस कोर्स के लिए जरूरी योग्यता क्या है, कोर्स की ड्यूरेशन क्या होगी, बीएम होस साइंस कोर्स कर कहां- कहां नौकरी के अवसर मिल सकते हैं इत्यादि.
दो मीडियम में उपलब्ध होगा कोर्स
इस कोर्स के लिए 12वीं पास छात्र आवेदन कर सकते हैं. इसके अतिरिक्त, जो स्टूडेंट्स हायर एजुकेशन के साथ- साथ किसी व्यावसायिक क्षेत्र में भी करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए भी यह शानदार ऑप्शन हो सकता है. कोर्स हिंदी और इंग्लिश दोनों मीडियम में उपलब्ध होगा. ऐसे में पूरे देश के किसी भी क्षेत्र से कोई भी छात्र पढ़ाई कर सकता है. इग्नू के इस बीए प्रोग्राम को UGC के करिकुलम और क्रेडिट फ्रेमवर्क के अनुसार बनाया गया है और यह नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 के दिशा- निर्देशों पर तैयार किया गया है.
इन विषयों की करवाई जाएगी पढ़ाई
अगर इस कोर्स की अवधि के बारे में बात करें, तो इस यूजी कोर्स की ड्यूरेशन वैसे तो तीन साल की होगी. स्टूडेंट्स इसे अधिकतम 6 साल में पूरा कर सकते हैं. कोर्स में हर साल एक बार परीक्षा आयोजित होगी. इस कोर्स में ह्युमन डेवलपमेन्ट, फैमिली स्टडीज, कम्युनिटी मैनेजमेंट रिसोर्सेस, फूड एंड न्यूट्रीशन, एक्सटेंशन एंड कम्युनिकेशन और फैब्रिक एंड अपेरल साइंस जैसे विषयों के बारे में पढ़ाई करवाई जाएगी.
इतनी होगी कोर्स की फीस
इस यूजी प्रोग्राम में थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों शामिल है, जिसमें स्टूडेंट्स 120 क्रेडिट पूरे करेंगे. कोर्स का स्टडी मटेरियल प्रिंट और डिजिटल दोनों फॉर्मेट में मौजूद रहेगा. अगर कोर्स की फीस के बारे में बात करें तो छात्रों को साल में ₹5000 देने होंगे. इसमें रजिस्ट्रेशन और डेवलपमेंट फीस भी शामिल है. जो भी स्टूडेंट इस कोर्स के बारे में ज्यादा जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं, वह ignouadmission.samarth.edu.in पर जाकर चेक कर सकते हैं. बदलते समय के साथ यह कोर्स छात्रों की नॉलेज को बढ़ाएगा व स्टूडेंट को नौकरी के बेहतरीन अवसरों के लिए तैयार करेगा.
