हरियाणा के 20 से अधिक जिलों में बरसात की संभावना, IMD ने अगले दो दिन के लिए जारी किया येलो और ऑरेंज अलर्ट

हिसार | हरियाणा में मानसून सक्रिय हो चुका है और लगभग सभी जिलों में आसमान बादलों से ढका नजर आ रहा है. बारिश की वजह से मौसम सुहावना जरूर हो गया है, लेकिन उमस ने लोगों को अभी भी परेशान कर रखा है. शनिवार को पानीपत, फरीदाबाद, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर और गुरुग्राम जिलों में बारिश हुई.

weather barish 1

रात 9:30 बजे मौसम विभाग ने झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और गुरुग्राम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, जिसमें रात 12:30 बजे तक बारिश की संभावना जताई गई थी. इसी बीच मौसम विभाग द्वारा आज रविवार को भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

7 जिलों में फिर बारिश की चेतावनी

आज सुबह से ही प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया. मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर और चरखी दादरी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. पूरे सीजन में अब तक हरियाणा में औसतन 150.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो सामान्य 106.7 मिमी से 41% अधिक है. सबसे अधिक वर्षा यमुनानगर जिले में 352.1 मिमी दर्ज की गई है. बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है, जिससे गर्मी से राहत मिली है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में फिर बढ़ेगी गर्मी की मार, 15 जिलों के लिए उमस का अलर्ट; जानें कब लौटेगी बारिश

14 और 15 जुलाई को भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, भिवानी से बंगाल की खाड़ी तक फैली मानसूनी टर्फ लाइन के कारण नमी युक्त हवाएं हरियाणा में प्रवेश कर रही हैं. इसके चलते 14 और 15 जुलाई को उत्तर हरियाणा में मध्यम तथा दक्षिण-पश्चिम जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं. शनिवार को राज्य के अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, इसके बावजूद प्रदेश का औसत तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 35.6 डिग्री रहा.

रोहतक सबसे गर्म जिला रहा. मौसम विभाग ने 14 जुलाई को यमुनानगर, पंचकूला, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, हिसार, भिवानी, रोहतक, झज्जर, पानीपत, सोनीपत, सिरसा और फतेहाबाद में बारिश की संभावना जताई है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts