PPP मॉडल पर होगा दिल्ली के 2 बड़े ISBT का रीडेवलपमेंट, यात्रियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली स्थित आनंद विहार और सराय काले खां अंतरराज्यीय बस टर्मिनल को अब पुर्नविकसित किया जाएगा. इसे मल्टी- मॉडल परिवहन केंद्र के रूप में बदला जाएगा, जहां यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी. दोनों बस अड्डों को नए डिजाइन के साथ तैयार किया जाएगा, जहां ट्रांसपोर्ट की सभी सुविधाएं, दुकानें, आवासीय स्थान और ग्रीन एरिया मौजूद होंगे.

MPNews 1 2

पीपीपी मॉडल पर होगा निर्माण कार्य

दिल्ली सरकार की ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) नीति के तहत दोनों बस टर्मिनलों का पुनर्विकास किया जाएगा. अधिकारियों ने बुधवार को जानकारी दी कि यह परियोजना सार्वजनिक- निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर आधारित होगी. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) इस परियोजना का प्रबंधन देख रही है, जबकि ‘अर्न्स्ट एंड यंग’ (ईवाई) निजी निवेशकों को जोड़ने के लिए लेन-देन सलाहकार की भूमिका निभा रही है.

सरकार नहीं लगाएगी पैसा

दिल्ली सरकार इस योजना में सीधे पैसा नहीं लगाएगी, लेकिन जमीन की कीमत और वहां होने वाले रियल एस्टेट व कमर्शियल डेवलपमेंट के माध्यम से खर्च को पूरा किया जाएगा. इस योजना में बस अड्डे को मेट्रो व नमो भारत ट्रेन से जोड़ा जाएगा. एलिवेटेड रास्ते, पैदल यात्रियों के लिए सुविधाएं, वेटिंग एरिया, वाहन- मुक्त क्षेत्र और रिंग रोड के पास कमर्शियल फ्रंटेज भी विकसित किए जाएंगे.

यह भी पढ़े -  दिल्ली के इन रेलवे स्टेशनों के बदल जाएंगे नाम, भारतीय रेलवे कर रहा बड़ा प्लान तैयार; यात्रियों को होगा यह फायदा

दुगनी हो जाएगी यात्रियों की संख्या

साल 2053 तक की योजना के अनुसार, आनंद विहार में बस अड्डों की संख्या 164 से बढ़कर 254 हो जाएगी. वहीं, यात्रियों की संख्या भी 64,000 से बढ़कर रोजाना 1.17 लाख तक पहुंचने का अनुमान है. इसी तरह, सराय काले खां में बस अड्डों की संख्या 64 से बढ़कर 134 हो जाएगी और यहां यात्रियों की संख्या 10,000 से बढ़कर एक लाख के पार पहुंचने की उम्मीद है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts