शिव के भक्तों के लिए डाक विभाग की सौगात, अब 30 रुपए में मिलेगा शुद्ध गंगाजल

अंबाला | सावन की शुरुआत के साथ ही शिवभक्तों में भक्ति का उत्साह चरम पर है. हर गली- मोहल्ले से ‘हर हर बम बम’ की गूंज सुनाई देने लगी है. भोलेनाथ को समर्पित इस पावन महीने में भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार पूजा- पाठ और रुद्राभिषेक में जुटे हैं. कोई हरिद्वार से कांवड़ लाकर भोले को जल चढ़ा रहा है, तो कोई डाक कांवड़ के जरिए अपने इरादे मजबूत कर रहा है. हर किसी के लिए हरिद्वार तक जाना संभव नहीं, ऐसे में भक्तों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है.

Gangajal

डाक विभाग ने इस बार फिर शुद्ध गंगाजल को मात्र 30 रुपए में आम लोगों तक पहुंचाने की योजना चलाई है. 200 मिलीलीटर की यह बोतल उन श्रद्धालुओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं, जो सीमित संसाधनों में भी अपनी आस्था को पूरा करना चाहते हैं.

डाक विभाग ने दी जानकारी

डाक विभाग ने जानकारी दी है कि ये बोतलें सीधे हरिद्वार से भरी जाती हैं और बिना किसी मिलावट के पहुंचती हैं. इस बार कुल 24,000 गंगाजल की बोतलों का स्टॉक रखा गया है, जिसमें से अब तक करीब 6,000 बोतलें बिक चुकी हैं. शिवरात्रि पर इनकी मांग सबसे ज्यादा होती है. इसे ध्यान में रखते हुए अंबाला कैंट के ऐतिहासिक हाथीखाना मंदिर परिसर में विशेष स्टाल भी लगाया जाएगा, जहां कोई भी भक्त 30 रुपए देकर गंगाजल खरीद सकता है. भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकता है.

भक्तों ने की सराहना

गंगाजल लेने पहुंचे स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी इस योजना की जमकर सराहना की. उनका कहना था कि हरिद्वार तक जाना कठिन होता है, लेकिन अब इतनी आसानी से गंगाजल मिलना बहुत सुकून देने वाला है. बता दें कि यह केवल एक सेवा नहीं, बल्कि भक्तों का विश्वास है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.