अंबाला | ऐसा माना जाता है कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ का सबसे प्रिय है. हर तरफ बम बम भोलेनाथ के जयकारे सुनाई देते हैं. शिव भक्तों के लिए इस महीने की काफी महत्ता होती है. इसी महीने अपने आराध्य को प्रसन्न करने के लिए शिव भक्त अपने- अपने तरीके से पूजा- अर्चना करते हैं. कुछ भक्त हरिद्वार से पैदल कांवड़ और गंगाजल लाते हैं और भगवान को अर्पित करते हैं. वहीं, कुछ लोग डाक कांवड़ भी लेकर आते हैं.
डाक विभाग दे रहा तोहफा
भगवान शिव के कुछ भक्त ऐसे भी होते हैं जो किन्हीं कारणों से कांवड़ और गंगाजल लाने में असमर्थ होते हैं. अब डाक विभाग उन भक्तों के लिए खास तोहफा लेकर आ रहा है. विभाग गंगोत्री से गंगाजल लाकर ऐसे श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराएगा. भक्तों की आस्था को ध्यान में रखते हुए इसकी कीमत भी बहुत कम रखी गई है. यदि आप 200 ml की बोतल डाक विभाग से मंगवाते हैं, तो इसके लिए आपको सिर्फ ₹30 ही देने होंगे.
शिवरात्रि पर लगेगा विशेष स्टॉल
इस विषय में जानकारी देते हुए अंबाला जीपीओ के मुख्य डाकपाल हरीश कुमार ने बताया कि सावन महीने में जो भी भक्त गंगाजल चाहता है वह केवल ₹30 में डाक विभाग से इसे प्राप्त कर सकता है. सावन शिवरात्रि के दिन अंबाला छावनी के हाथीखाना मंदिर में इसका स्टॉल लगाया जाएगा. इच्छुक भक्त यहां से ₹30 में गंगाजल की बोतल लेकर भगवान भोलेनाथ को अर्पित कर सकते हैं.
विभाग ने मंगवाई 24000 बोतलें
पिछली बार डाक विभाग ने 24000 बोतलों में से 20000 बोतलें भक्तों को उपलब्ध करवा दी थीं. इस बार भी विभाग ने 24000 बोतलें मंगवाई हैं, जिनमें से 6000 पहले ही बिक चुकी हैं. अनुमान है कि शिवरात्रि तक अधिकतर बोतलें बिक जाएंगी. स्थानीय लोग डाक विभाग की इस पहल की सराहना कर रहे हैं. भक्तों का कहना है कि यदि वे स्वयं गंगाजल लाने में असमर्थ हैं, तो डाक विभाग उनकी श्रद्धा को ₹30 में पूरा कर रहा है.
