चंडीगढ़ | हरियाणा में आज सोमवार से फिर से मानसून सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सुबह यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल और आसपास के इलाकों में गरज-चमक और हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है. बीते 24 घंटे में पलवल में तापमान में 2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई. अंबाला और महेंद्रगढ़ प्रदेश के सबसे गर्म जिले रहे.

3 घंटे के भीतर इन इलाकों में बरसात का अलर्ट
चंडीगढ़ मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के भीतर कई तहसीलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. सुबह 10:30 बजे तक इंद्री, रादौर, नीलोखेड़ी, थानेसर, गुहला, पिहोवा, शाहाबाद, अंबाला, कालका, बराड़ा, जगाधरी, छछरौली, नारायणगढ़ और पंचकूला में गरज-चमक के साथ बरसात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं.
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने जानकारी दी कि 25 जुलाई तक मौसम में बदलाव बना रहेगा. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि कुछ जिलों में तेज बारिश और हवाएं भी चल सकती हैं.
21 से 24 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
आईएमडी ने 21 से 24 जुलाई तक हरियाणा में बारिश की संभावना जताई है. 21 जुलाई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में 25 से 75 प्रतिशत क्षेत्र में, जबकि जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात और रेवाड़ी में 50 से 75 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश हो सकती है. वहीं हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में 25 से 50 प्रतिशत तथा सिरसा और फतेहाबाद में 25 प्रतिशत क्षेत्र में बरसात के आसार हैं.
सामान्य से ज़्यादा हुई बारिश
22 जुलाई को अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी में येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं कैथल, सोनीपत, जींद, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, रेवाड़ी, फरीदाबाद, पलवल, मेवात और सिरसा में भी 50 से 75 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश की संभावना है.
23 और 24 जुलाई को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बरसात की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक हरियाणा में सामान्य से 29 प्रतिशत ज्यादा बरसात हो चुकी है. 20 जुलाई तक जहां औसतन 147.5 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार 189.9 मिमी बरसात रिकॉर्ड की गई है.