चंडीगढ़ | हरियाणा में राशन कार्ड धारकों के लिए एक बेहद ही जरूरी खबर सामने आई है. राज्य सरकार (Haryana Govt) के आदेशानुसार सभी बीपीएल, एएवाई राशन कार्ड धारकों की ई- केवाईसी की जानी है, ताकि भविष्य में सरकार की योजनाओं का लाभ लिया जा सके. जिसके लिए सरकार द्वारा सभी बीपीएल, एएवाई लाभार्थियों की ई- केवाईसी करने के लिए मेरा ई-केवाईसी मोबाइल एप्लीकेशन लांच की गई है. इसलिए सभी लाभार्थी समय पर अपनी ई-केवाईसी पूरी करवाकर राशन वितरण में किसी प्रकार की परेशानी से बचें.
2 तरीके से पूरी होगी ई- केवाईसी
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ई- केवाईसी प्रक्रिया दो तरीकों से की जा सकती है. उन्होंने बताया कि लाभार्थी अपने आधार कार्ड के साथ नजदीकी राशन डिपो पर जाकर पीओएस मशीन पर अपना फिंगरप्रिंट लगाकर पहचान सत्यापन करवा सकते हैं. इसके बाद, उनकी ई- केवाईसी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.
घर बैठे कर सकते हैं ई- केवाईसी
लाभार्थी अपने मोबाइल में मेरा ई- केवाईसी और आधार फेस आरडी एप्लिकेशन डाउनलोड करके स्वयं भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से मेरा ई- केवाईसी और आधार फेस आरडी मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड व इंस्टॉल करें. इंस्टॉल करने के बाद ई- केवाईसी पर क्लिक करें.
यह स्टेप करें फॉलो
- लाभार्थियों को हरियाणा राज्य चयन करने के बाद अपनी आधार कार्ड नंबर भरना होगा.
- आधार नंबर भरने के बाद जनरेट ओटीपी पर क्लिक करें.
- अपने पंजीकृत मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी को दर्ज करें.
- लाभार्थी को ई- केवाईसी के लिए अपनी सहमति देनी होगी.
- अपने मोबाइल के कैमरा की ओर ध्यान केंद्रित कर अपनी पलके झपकाएं.
- सफलतापूर्वक कैप्चर होने पर ई- केवाईसी की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.
- जिन लाभार्थियों द्वारा अपनी ई- केवाईसी नहीं करवाई तो उन्हें राशन प्राप्त होना बंद भी हो सकता है, जिसके लिए कार्ड धारक/लाभार्थी स्वयं जिम्मेवार होंगे.
