गुरुग्राम | हरियाणा में गांवों और कस्बों के नाम बदलने की प्रक्रिया लगातार जारी है. पहले पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यकाल में दर्जनों गांवों के नामों में बदलाव किया गया था और अब नायब सैनी सरकार में भी लगातार गांवों के नामों को बदलने का सिलसिला जारी है. इसी कड़ी में गुरुग्राम जिले में गांवों के नामों में बदलाव किया गया है.

सैनी सरकार ने बदले 2 गांवों के नाम
सूबे की नायब सैनी सरकार ने गुरुग्राम जिले के दो महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक गांवों के नाम में बदलाव कर दिया है. गुड़गांव गांव को अब गुरुग्राम जबकि मोहम्मद हेड़ी को ब्रह्मपुरी गांव के नाम से जाना जाएगा. प्रदेश सरकार द्वारा इस संबंध में बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है.
स्थानीय निवासी और विभिन्न सामाजिक संगठन लंबे समय से इन गांवों के नाम बदलने की मांग उठाते आ रहे थे. हालांकि, गुड़गांव शहर का नाम पहले ही बदलकर गुरुग्राम कर दिया गया था लेकिन शहर के मूल और ऐतिहासिक गुड़गांव गांव का नाम अब भी वही था. ऐसी मान्यता है कि गुरुग्राम नाम महाभारत काल से जुड़ा हुआ है, जहां गुरु द्रोणाचार्य ने अपने शिष्यों कौरवों और पांडवों को शिक्षा दी थी.
सरकार का जताया आभार: स्थानीय लोग
मोहम्मद हेड़ी का नाम बदलकर ब्रह्मपुरी किया गया है. स्थानीय लोगों का कहना था कि मोहम्मद हेड़ी इस्लामिक नाम लगता था. ऐसे में इस नाम को बदलने के लिए लंबे समय से सरकार के सामने मांग उठाई जा रही थी, जो अब पूरी हुई है. नया नाम ब्रह्मपुरी उनकी सांस्कृतिक और सामुदायिक पहचान के बिल्कुल करीब हैं और गांव के वास्तविक स्वरूप को दर्शाता है. दोनों गांवों के नाम बदलने पर स्थानीय लोगों ने सरकार का आभार व्यक्त किया है.