अंबाला में घोषणाओं की बौछार, सीएम ने किए 73 करोड़ की परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास

अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उत्कृष्ट शिक्षा पुरस्कार समारोह 2025 में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने प्रदेश में 10 नए आईएमटी स्थापित करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि इनमें से पांच के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इन 10 में से एक आईएमटी अंबाला जिले में बनाया जाएगा, ताकि लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें और राज्य में निवेश को बढ़ावा मिल सके.

CM Nayab Singh Saini

गुरुग्राम और पंचकूला को बनाया जाएगा AI हब

मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य की लेटेस्ट टेक्नोलॉजी को देखते हुए गुरुग्राम और पंचकूला को एआई हब बनाए जाने की योजना है. इसका उद्देश्य युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ट्रेनिंग देना है. उन्होंने होनहार विद्यार्थियों और शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जिस भी कार्य में लगें, उसमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करें. उसके बाद, दुनिया की कोई ताकत उन्हें सफल होने से नहीं रोक सकती.

हरियाली तीज पर ‘लाड़ो सखी योजना’ की शुरुआत

हरियाली तीज पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया. इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ अभियान को गति देने के लिए लाड़ो सखी योजना का शुभारंभ किया. इसके तहत, गर्भवती महिलाओं की देखभाल के लिए लाड़ो सखी नियुक्त की जाएगी.

इन योजनाओं का किया ऐलान

मुख्यमंत्री ने अंबाला में जिला आपूर्ति योजनाओं को सुदृढ़ करने के लिए 145 करोड़ रुपए की जल वितरण योजना के विस्तारीकरण की घोषणा की. इसके अलावा, सेक्टर- 24 अंबाला शहर में 9 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने के लिए 40 करोड़ रुपए तथा एसवाईएल नहर के दोनों ओर क्षतिग्रस्त पैच की मरम्मत के लिए 60 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया. मुख्यमंत्री ने अंबालावासियों को 73 करोड़ रुपए लागत की 9 विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इनमें 26 करोड़ 49 लाख रुपए लागत की 4 परियोजनाओं का उद्घाटन और 46 करोड़ 34 लाख रुपए लागत की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts