नई दिल्ली | इस बार 15 अगस्त 2025 को सरकार यात्रियों को फास्टैग रिचार्ज के झंझट से छुटकारा देने की तैयारी कर रही है. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा हाईवे यात्रियों को राहत देने के लिए एक नई योजना लाने की तैयारी चल रही है. देश भर के लाखों वाहन चालक प्रतिदिन हाईवे पर सफर करते हैं. अगर आप भी उनमें से एक हैं, तो यह खबर आपके लिए है.
यात्रियों को मिलेंगे यह लाभ
सरकार जल्द ही यात्रियों के लिए एक नया फास्टैग वार्षिक पास लॉन्च करने वाली है. इसकी कीमत ₹3000 रखी जाएगी. यह पास अधिकृत टोल प्लाजा, राष्ट्रीय राजमार्ग और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर 200 टोल फ्री यात्रा या 1 साल की वैधता के साथ मान्य होगा. इसका उद्देश्य नियमित यात्रियों को बार- बार भुगतान और रिचार्ज की प्रक्रिया से मुक्त कर एक सस्ती एनुअल सुविधा देना है.
केवल निजी वाहनों पर लागू होगा यह पास
राष्ट्रीय राजमार्ग और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर हर बार वाहन चालकों को टोल देना होता है. मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार यह पास एक वर्ष या 200 बार की यात्रा में से जो भी पहले पूरी होगी, वहां तक मान्य होगा. यह सुविधा केवल NHAI के अंतर्गत आने वाले राजमार्गों पर ही लागू होगी.
यह वार्षिक पास सिर्फ निजी कार, जीप और वैन के लिए मान्य होगा, कमर्शियल वाहनों को इसमें शामिल नहीं किया गया है. अगर आप भी इस सुविधा का लाभ लेना चाहते हैं, तो ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे ही एनुअल टोल पास बनवा सकते हैं.
