नई दिल्ली | अग्निवीर सैनिकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. स्टेट बैंक आफ इंडिया (SBI) ने अग्निवीरों के लिए पर्सनल लोन योजना शुरू की है. अग्निवीर न्यूनतम 1 लाख और अधिकतम 4 लाख रुपये तक का लोन साढ़े 3 साल के लिए ले सकते हैं. इसके लिए सैनिकों को मार्जिन, सिक्योरिटी और थर्ड पार्टी गारंटी की जरूरत नहीं होगी. 2 साल के लिए साढ़े 13% ब्याज दर होगी. वैसे SBI उपभोक्ताओं को 10.5 से 15.5 प्रतिशत पर पर्सनल लोन देता है.
SBI ने जारी की अधिसूचना
भारतीय स्टेट बैंक की ओर से जुलाई में जारी सर्कुलर में कहा गया है कि इसका लाभ उन अग्निवीरों को मिलेगा, जिनकी आयु 18 वर्ष पूरी हो गई हो. इसके लिए एसबीआई में अकाउंट होना जरूरी है. साथ ही, कम- से- कम 1 महीने का वेतन उस अकाउंट में जरूर आया हो. इसके अलावा, कम- से- कम 6 महीने की सेवा और न्यूनतम शुद्ध मासिक आय 20 हजार रुपये की शर्त रखी गई है.
इस योजना के तहत, एक अग्निवीर को एक बार ही लोन दिया जाएगा. लोन की वापसी के लिए साढ़े 3 साल का अधिकतम समय होगा. बैंक के उप महाप्रबंधक रजनीश कुमार ने बताया कि योजना के आधार पर लोन देना शुरू कर दिया गया है.
हरियाणा में यह हैं व्यवस्था
नौकरी पूरी कर चुके अग्निवीरों को हरियाणा सरकार 5 साल की अवधि के लिए अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त लोन देगी. इसके अलावा, पुलिस, वन विभाग और जेल वार्डर भर्ती में आरक्षण का लाभ दिया जाएगा. जो कंपनियां अग्निवीरों को 30 हजार से अधिक वेतन पर नौकरी पर रखेंगी, उन्हें सरकार 60 हजार रुपये वार्षिक सब्सिडी प्रदान करेगी.
