फरीदाबाद | कल 13 अगस्त 2025 से हरियाणा राज्य औद्योगिक व अवसंरचना विकास निगम (एचएसआइआइडीसी) और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा जमीन खरीदने की प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू कर दी गई है. अधिग्रहण के लिए 19 अगस्त 2025 को तहसील तिगांव के जसाना गांव में सुबह 11 बजे, ताजपुर में 12 बजे, फरीदपुर में एक बजे, भुआपुर में दो बजे, तिगांव में 2.30 बजे, फत्तुपुरा में तीन बजे, भैंसरावली में 3.30 बजे, शाहबाद में 4 बजे, सदपुरा में 4.30 बजे एवं ढहकौला में शाम 5 बजे शिविर लगाया जाएगा.
9 हजार एकड़ जमीन की होगी खरीद
अधिग्रहण की प्रक्रिया में फरीदाबाद और पलवल के 9 गांव की 9000 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी. इसका जिम्मा एचएसआइआइडीसी को सौंपा गया है. साथ ही, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण भी अपने सेक्टरों को बढ़ाने की तैयारी में है, जिसके लिए फरीदाबाद के 18 गांव की साढ़े चार हजार एकड़ जमीन खरीदी जाएगी. इच्छुक किसान ebhoomi.jamabandi.com.nic.in पर 31 अगस्त 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
यह जमीन हुई चिन्हित
इसके लिए जमीन की पहचान कर ली गई है. एक्सप्रेसवे के किनारे फरीदाबाद के छांयसा और मोहना गांव, जबकि पलवल के मोहियापुर, बागपुर कलां, बागपुर खुर्द, बहरौला, हंसापुर, सोलड़ा और थंथरी गांव की 9000 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी दी गई है. वहीं, नए सेक्टरों के निर्माण के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा खेड़ी कलां, नचौली, ताजुपुर, ढहकौला, शाहबाद, बदरपुर सैद, साहुपुरा, सोतई, सुनपेड़, मलेरना, जाजरू, भैंसरावली, फत्तुपुरा, भुआपुर, जसाना, फरीदपुर, सदपुरा और तिगांव की जमीन ली जाएगी.
इनमें सेक्टर- 94ए, 96, 96ए, 99, 100, 101, 102, 103, 140, 141 और 142 विकसित किए जाएंगे, जहां रेजिडेंशियल और कमर्शियल सेक्टर भी स्थापित किए जाएंगे.
