हिसार | हरियाणा के हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को जल्दी ही एक और सौगात मिलने वाली है. यहां से जयपुर के लिए जल्द विमान सेवा की शुरुआत कर दी जाएगी. समर शेड्यूल में विमानन कंपनी एलाइंस एविएशन जल्द जयपुर के लिए फ्लाइट शुरू कर सकती है. अगले सप्ताह विमान कंपनी द्वारा DGCA में इसके लिए आवेदन किया जा सकता है. डीजीसीए से अप्रूवल मिलने के बाद यहां से जयपुर के लिए विमान सेवा की शुरुआत हो जाएगी.
अयोध्या फ्लाइट होगी जयपुर तक विस्तारित
हिसार से जो फ्लाइट अयोध्या जाती है, उसे ही दिल्ली के रास्ते जयपुर तक के लिए बढ़ाया जाएगा. यात्रियों की लगातार जयपुर के लिए मांग विमानन कंपनी के पास पहुंच रही थी, जिस कारण कंपनी द्वारा यह फैसला लिया गया है. वर्तमान में हिसार से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट लगभग खाली जा रही है, जिस कारण कंपनी अब इस फ्लाइट को जयपुर ले जाने की सोच रही है. हिसार से अयोध्या और दिल्ली जाने वाली फ्लाइट का समय पहले जैसा ही रहेगा, लेकिन जयपुर के लिए नया टाइम टेबल अप्रूव किया जा सकता है.
यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा
यदि सड़क मार्ग से हिसार से जयपुर जाया जाए तो 350 किलोमीटर की दूरी तय करने में करीब साढ़े 5 घंटे का समय लग जाता है, लेकिन ट्रेन द्वारा करने में और ज्यादा समय लगता है. ऐसे में यदि हवाई यात्रा की शुरुआत होती है, तो यात्री महज 1 से डेढ़ घंटे में ही यह सफर पूरा कर पाएंगे.
कई यात्री ऐसे हैं जो इलाज के लिए, बिजनेस कामों के लिए या अन्य कारणों से जयपुर की तरफ ट्रेन या प्राइवेट साधनों से जाते हैं. ऐसे में अगर इस रूट पर विमान सेवा की शुरुआत हो जाती है तो लोगों को काफी फायदा मिलेगा.
