भिवाड़ी से कजारिया तक बनेगी 6 लेन रोड, सितंबर में 3 दिन इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर का होगा आयोजन

रेवाड़ी | आने वाली 19, 20 और 21 सितंबर को भिवाड़ी में राष्ट्रीय स्तर का इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (उद्योग मेला एवं प्रदर्शनी) आयोजित होगा. जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र भिवाड़ी तथा लघु उद्योग भारती भिवाड़ी द्वारा आयोजित होने वाले इस मेले को लेकर शहर के पथरेड़ी स्थित एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर में कार्यक्रम का आयोजन हुआ. उद्योग एवं वाणिज्य युवा मामले एवं खेल विभाग के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्य वर्धन सिंह राठौड़ द्वारा इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया.

Six Lane Highway

इन विकास कार्यों को मिली मंजूरी

इस अवसर पर भिवाड़ी से कजारिया तक लंबे चार लेन मार्ग को छह लेन में तब्दील करने को हरी झंडी प्रदान की गई. तिजारा विधायक महंत बालक नाथ योगी द्वारा निर्माणाधीन खेल स्टेडियम का निरीक्षण किया गया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न कामों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने और समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने विधायक और अधिकारियों के साथ रीको गेस्ट हाउस भिवाड़ी का उद्घाटन भी किया और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

भिवाड़ी को बताया इंडस्ट्रियल गेटवे

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने की ओर बढ़ रहा है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में राजस्थान नित उन्नति के नए आयाम स्थापित कर रहा है. उन्होंने भिवाड़ी को राजस्थान का इंडस्ट्रियल गेटवे बताते हुए कहा कि इस शहर ने बीते कुछ सालों में जबरदस्त विकास किया है.

उन्होंने कहा कि भविष्य में यह एमएसएमई सेक्टर, स्टार्टअप और युवाओं के लिए रोजगार सृजन का बड़ा माध्यम बनेगा. अगले महीने होने वाले उद्योग मेला एवं प्रदर्शनी में देशभर से लगभग 300 एमएसएमई यूनिट्स के स्टाल लगाए जाएंगे. इस दौरान 100 वृहद उद्योग, कंपनियां और हस्तशिल्पी भी मेले में शिरकत करेंगे.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts