नई दिल्ली | आज से दिल्ली वासियों की एक ऐसी समस्या का समाधान हो जाएगा, जिससे वह काफी लंबे समय से परेशान रहे हैं. IGI से अगर किसी को फ्लाइट पकड़नी होती है, तो उसे अपने घर से कई घंटे पहले ही निकलना पड़ता है क्योंकि कई जगह रास्ते में जाम की स्थिति बनी रहती है. इसी प्रकार जो लोग दिल्ली से गुड़गांव का भी सफर करते हैं वह अगर साउथ दिल्ली के जाम में फंस गए, तो अपने डेस्टिनेशन पर पहुंचना मुश्किल हो जाता है. अब ऐसा नहीं होगा क्योंकि आज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को यूईआर- 2 की सौगात देने वाले हैं.
6445 करोड़ रुपए की लागत से हुआ निर्माण
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा 75 किलोमीटर लंबा यूईआर- 2 का निर्माण किया गया है. 6 लेन के इस रोड को 6445 करोड़ रुपए की लागत से 5 पैकेज में बनाया गया है. इसके अंतर्गत, 19 फ्लाईओवर, 8 अंडरपास, 2 आरओबी और 81 किलोमीटर की सर्विस रोड भी शामिल है. बता दें कि राजधानी में अब तक दो रिंग रोड थे, अब तीसरा रिंग रोड राजधानी की जनता को सौंप दिया जाएगा. इससे एयरपोर्ट और गुड़गांव जाने वालों की काफी ज्यादा परेशानियां हल हो जाएंगी.
अन्य राज्यों में पहुँचना होगा आसान
दिल्ली के अलीपुर में दिल्ली– चंडीगढ़ राजमार्ग से शुरुआत होगी, फिर मुंडका, बक्करवाला, नजफगढ़, द्वारका से गुजरते हुए यह महिपालपुर के पास दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर खत्म होगा. इस सौगात के बाद एयरपोर्ट की तरफ जाने वालों को राहत मिलेगी. साथ ही, गुड़गांव की ओर भी बिना जाम में फंसे पहुंचा जा सकेगा. यह एनएच- 44 (दिल्ली- पानीपत), एनएच- 9 (दिल्ली- रोहतक) और द्वारका एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी भी प्रदान करेगा. इससे हरियाणा, पंजाब, जम्मू- कश्मीर और उत्तराखंड पहुंचना भी आसान हो जाएगा.
