नई दिल्ली | आमतौर पर देखने को मिलता है कि जहां कहीं फ्लाइओवर होता है, तो वहां नीचे आसपास के इलाकों में झुग्गी झोपड़ियां, गन्दगी या कूड़े के ढेर लगे हुए रहते हैं. जल्दी ही, आपको दिल्ली में यह नजारा बदला हुआ नजर आ सकता है. इसके लिए रेखा गुप्ता सरकार खास तैयारी कर रही है. ऐसा माना जा रहा है कि जल्दी ही फ्लाइओवर और उसके नीचे हेल्थ क्लिनिक, लाइब्रेरी और इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा सकते हैं.
94 फ्लाईओवर हुए चिन्हित
इस योजना के लिए जमीन स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग द्वारा 94 फ्लाईओवर को चिन्हित किया गया है. उनके नीचे हेल्थ क्लिनिक, लाइब्रेरी, खेलने के लिए स्पेस और इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए चार्जिंग स्टेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी.
एक अधिकारी ने इस विषय में जानकारी देते हुए बताया कि फ्लाइओवर के नीचे उपलब्ध जगह के आधार पर यह तय किया जाएगा कि वहां कौन सी सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं.
पीपीपी मॉडल के तहत होगा काम
जिन फ्लाइओवर की इस परियोजना के लिए पहचान की गई है, उनका सर्वेक्षण करने के लिए टेंडर जारी कर दिया जा चुका है. कंपनी को साइट की स्थितियों का आकलन करने के साथ विकसित किए जाने वाले बुनियादी ढांचे की परियोजना रिपोर्ट और ड्राइंग तैयार करनी होगी. इसके लिए राजस्व मॉडल भी बनाना है. पीपीपी मॉडल के आधार पर इस योजना को फलीभूत किया जाएगा.
