फरीदाबाद | हरियाणा के बल्लभगढ़ क्षेत्र और NIT इलाके में पेयजल समस्या से निजात दिलाने के लिए मोठूका में 3 रेनीवेल लगाए जाएंगे. ऐसा माना जा रहा है कि अगले साल मार्च के महीने तक उनकी शुरुआत हो जाएगी. NIT तक रेनीवेल का पानी पहुंचाने के लिए अटाली गांव से लेकर सेक्टर- 25 बूस्टर तक रेनीवेल लाइन बिछाई जाएगी. 20 किलोमीटर तक बिछाई जाने वाली यह लाइन 1000 एमएम की गोलाई वाली होगी.
5 लाख लोगों को मिलेगा अतिरिक्त पानी
वर्तमान में एक पुरानी लाइन है, जहां फिलहाल पानी चल रहा है. अब यहां से स्पेशल लाइन सेक्टर- 25 तक डाल दी जाएगी, ताकि लीकेज सहित कोई बाकी दिक्कत सामने ना आए. NIT और बल्लभगढ़ की कॉलोनी में सेक्टर- 25 बूस्टर से पानी जाएगा, जिससे करीब 5 लाख लोगों को 30 एमएलडी पानी ज्यादा मिल जाएगा. वर्तमान में पेयजल आपूर्ति की मांग शहरी इलाकों में 450 एमएलडी और आपूर्ति 330 एमएलडी दी जा रही है. इस लिहाज से देखा जाए, तो हर रोज 120 एमएलडी कम पानी की आपूर्ति की जा रही है.
77 करोड़ की लागत से तैयार होंगे रेनीवेल
फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण द्वारा मोठूका में लगाए जा रहे रेनीवेल की लागत 77 करोड़ रुपए आएगी. प्राधिकरण कुल 12 रेनीवेल स्थापित करेगा. एक रेनीवेल से हर रोज 10 एमएलडी पानी की निकासी होगी. इस प्रकार 12 रेनीवेल से शहर को 120 एमएलडी पानी की आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाएगी. इसके दूसरे चरण के तहत 5 रेनीवेल लगाने की मंजूरी मिल चुकी है. फिलहाल, पेयजल समस्या से निजात पाने के लिए शहर की आबादी टैंकरों के पानी पर निर्भर है.
