खुशखबरी: झज्जर जिले में बेहतर होगी स्वास्थ्य सेवाएं, बनेगा 200 बेड का नया सिविल अस्पताल

झज्जर | हरियाणा की नायब सैनी सरकार सूबे में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में झज्जर में 200 बेड के नए सिविल अस्पताल का निर्माण किया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसका प्रपोजल मुख्यालय को भेज दिया गया है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर जिले के लोगों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा.

Hospital Doctor

लंबे समय से थी मांग

झज्जर में अभी 100 बेड का अस्पताल हैं, लेकिन मरीजों की बढ़ती भीड़ और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरतों को देखते हुए लंबे समय से अस्पताल के विस्तार की मांग उठाई जा रही थी. अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा नया प्रस्ताव भेजे जाने के बाद यह उम्मीद जगी है कि जिले के लोगों को जल्द ही एक 6 मंजिला आधुनिक अस्पताल बिल्डिंग का तोहफा मिलेगा.

मिली जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित भवन मौजूदा अस्पताल से अलग नए सिरे से तैयार किया जाएगा. अस्पताल का परिसर पूरी तरह समतल जमीन पर नहीं होने की वजह से भवन को जिग-जैग ढांचे में तैयार करने की योजना बनाई गई है. यह संरचना मरीजों और कर्मचारियों दोनों के लिए सुविधानुसार होगी.

स्वास्थ्य विभाग इस संभावना पर भी विचार कर रहा है कि अस्पताल की पुरानी और नई बिल्डिंग को आपस में जोड़ने के क्या- क्या ऑप्शन हो सकते हैं, ताकि मरीजों को एक ही परिसर में सहज और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं मिल सके. गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को दूसरे शहरों तक भाग- दौड़ करने की जरूरत नहीं पड़े.

आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस

200 बेड के इस अस्पताल की नई बिल्डिंग में मरीजों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. इसमें माड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, ICU, एमरजेंसी सेवाओं के लिए विशेष वार्ड और मरीजों के आराम को ध्यान में रखते हुए उच्च स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल होगा. महिला और पुरुष मरीजों के लिए अलग- अलग और अत्याधुनिक OPD ब्लॉक तैयार किए जाएंगे.

प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और अगले कुछ वर्षों में यह भवन जिले की जनता को समर्पित कर दिया जाएगा. यह नया सिविल अस्पताल न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार करेगा बल्कि जिले की पहचान को भी नई दिशा देगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.