नई दिल्ली | हरियाणा के खास तौर पर वह शहर जो दिल्ली- NCR क्षेत्र से जुड़े हुए हैं, वहां निरंतर प्रगति हो रही है. इसी कारण यहां की जमीनों के रेट भी आसमान छू रहे हैं. इसी कड़ी में यहां स्थित गांव के रेट भी शहरों से कम पीछे नहीं हैं. शहरों में हुई जमीनों के नाम में बढ़ोतरी का प्रभाव गांव में भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है. आने वाले दिनों में तो यहां की जमीन के दाम और बढ़ेंगे क्योंकि हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन इन गांव की जमीन पर जल्दी ही एक नया खूबसूरत शहर बसाने की तैयारी कर रहा है.

नई टाउनशिप की तैयारी
यहां हर एक बुनियादी सुविधा मिलेगी. साथ ही, आलीशान सेक्टर एयरपोर्ट से लेकर एक्सप्रेस वे तक की फैसिलिटी यहां के लोगों को मिलेगी. हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण मास्टर प्लान 2031 के तहत, फरीदाबाद और पलवल के बीच स्थित गांव में एक नई टाउनशिप बसाए जाने की तैयारी चल रही है.
इन 18 गांव की 4500 एकड़ जमीन पर 12 नए सेक्टर और टाउनशिप स्थापित की जाएगी, जो न्यू फरीदाबाद का हिस्सा रहेंगे. पहली बार ऐसा हो रहा है, जब HSVP द्वारा न केवल रेजिडेंशियल सेक्टर बल्कि एक इंडस्ट्रियल टाउनशिप का निर्माण भी किया जाएगा. 9 गांव की 9000 एकड़ जमीन पर इंडस्ट्रियल टाउनशिप स्थापित होगी.
सहमति से होगा अधिग्रहण
सरकार का कहना है कि किसी की जमीन को जबरदस्ती नहीं लिया जाएगा. यदि किसान सहमत हैं, तो ही उनकी जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा. जो भी किसान अपनी जमीन देने के इच्छुक हैं वह 31 अगस्त तक ई- भूमि पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं. इन सेक्टरों और इंडस्ट्रियल टाउनशिप में आने वाले खसरा नंबरों की सूची HSVP और HSIIDC की आधिकारिक वेबसाइट पर डाल दी गई है.
इस विषय में जानकारी देते हुए बीपीटीपी के नेशनल सेल्स हेड हरिंदर ढिल्लोन ने बताया कि आने वाले समय में फरीदाबाद और पलवल के बीच का यह इलाका रियल एस्टेट का हब बनेगा. मेट्रो कनेक्टिविटी, एक्सप्रेसवे और तेजी से हो रहे डेवलपमेंट के चलते इन सेक्टरों में भी विकास की ढेरों संभावनाएं देखी जा रही हैं.
विकसित होंगे 12 नए सेक्टर
न्यू फरीदाबाद के रूप में बसने जा रहे इस शहर में फरीदाबाद के सोतई, सुनपेड़, साहुपुरा, मलेरना, जाजरू, खेड़ी कलां, नचौली, ताजापुर, ढहकोला, शाहबाद, बदरपुर सैद, भैंसरावली, फत्तुपुरा, भुआपुर, फरीदापुर, सदपुरा और तिगांव शामिल हैं. इन 18 गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है. अधिग्रहण के बाद इस जमीन पर 12 नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे.
इनमें सेक्टर 94 A, 96, 96 A, 97 A, 99, 100, 101, 102, 103, 140, 141 और 142 शामिल हैं. एचएसवीपी के अनुसार सेक्टर 100 को कमर्शियल सेक्टर बनाया जाएगा. सेक्टर 96 A और 97 A में स्कूल, अस्पताल और सरकारी दफ्तर जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी.