नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसी महीने 17 अगस्त को हरियाणा को UER 2 एक्सप्रेसवे की सौगात दी गई थी जिस पर अब टोल वसूली शुरू हो चुकी है. एक सिंगल साइड के यहां 235 से 2260 रुपए तक चुकाने पड़ेंगे वहीं इसका मासिक पास ₹50000 तक का होगा. हरियाणा में बने अर्बन एक्सटेंशन रोड UER 2 के लिए NHAI द्वारा टोल रेट की लिस्ट जारी की गई है, जिसके बाद यहां लगने वाली दरों का खुलासा हुआ है. यह भी पता लगा है कि टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में जो लोग रहते हैं, उन्हें गाड़ियों के लिए 350 रुपए का पास लेना होगा.

लोगों ने जताई नाराजगी
यह टोल प्लाजा मुंडका बक्करवाला में बनाया गया है. एक्सप्रेसवे के 40 किलोमीटर हिस्से से गुजरने के बदले टोल शुल्क का भुगतान किया जाएगा. रविवार को टोल की वसूली शुरू हो गई लेकिन जब लोगों द्वारा महंगे रेट देखे गए, तो उन्होंने टोल कर्मियों से बहस करनी शुरू कर दी. वहीं, आसपास के लोगों ने कहा कि उन्हें इस बारे में पूरी जानकारी नहीं दी गई. अचानक से बढ़े हुए रेटों ने उन्हें परेशानी और असमंजस में डाल दिया है.
1 घंटे में पूरा होगा सफर
यहां टोल वसूली का जिम्मा रिद्धि कंपनी को सौंपा गया है. इस विषय में कंपनी अधिकारियों ने जानकारी दी कि UER 2 एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिस पर करीब 7700 करोड़ रुपए की लागत आई है. अब इसके मेंटेनेंस में जो खर्चा होगा वह टोल की दरों से ही पूरा किया जाएगा.
बताते चलें कि ऐसे माना जा रहा है कि UER 2 रोड से गुरुग्राम और दिल्ली एयरपोर्ट के बीच का सफर बिना ब्रेकर और ट्रैफिक लाइट के केवल एक घंटे में पूरा हो जाएगा.