अंबाला | हरियाणा और उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आवाजाही करने वाले यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने कोविड- 19 के समय से बंद पड़ी तीन पैसेंजर ट्रेनों को दिल्ली के लिए संचालित करने की अनुमति प्रदान कर दी है. तीनों ट्रेनों के पहिए 5 साल से थमे हुए थे और यात्री इन ट्रेनों के पुनः संचालन की लगातार मांग उठा रहे थे.
रेलवे बोर्ड से अनुमति के बाद अब इन ट्रेनों के संचालन को लेकर शेड्यूल बनाया जा रहा है, जिसके बाद अंबाला-दिल्ली, कालका- हजरत निजामुद्दीन और अंबाला- मेरठ ट्रेनों को हरी झंडी दिखा दी जाएगी. इन ट्रेनों के संचालन से अंबाला- दिल्ली रूट पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों को राहत पहुंचेगी.
कोविड में हुई थी बंद
कोविड- 19 से पहले ट्रेन नंबर 54539/ 40, हजरत निजामुद्दीन- अंबाला कैंट- हजरत निजामुद्दीन, ट्रेन नंबर 55541/ 42, मेरठ शहर- अंबाला कैंट- मेरठ शहर और ट्रेन नंबर 64561/ 62, अंबाला कैंट- दिल्ली- अंबाला कैंट पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होता था. औद्योगिक नगरी यमुनानगर सहित अंबाला कैंट से हजारों की संख्या में यात्री इन ट्रेनों में दिल्ली के लिए आवाजाही करते थे. 2020 में लॉकडाउन में सभी ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया था.
लॉकडाउन के बाद अन्य ट्रेनों को तो बहाल कर दिया गया था लेकिन यह तीनों ट्रेनें बंद ही पड़ी थी. इन ट्रेनों के दोबारा शुरू करने को लेकर व्यापारी, नौकरीपेशा, श्रमिक, विद्यार्थी सहित अन्य लोग लगातार मांग उठा रहे थे और उन्होंने इस सिलसिले में कुरूक्षेत्र से बीजेपी सांसद नवीन जिंदल से मुलाकात कर तीनों ट्रेनों को फिर से चलाने की मांग की थी. जिस पर संज्ञान लेते हुए रेलवे बोर्ड ने तीनों पैसेंजर ट्रेनों के पुन: संचालन की अनुमति प्रदान कर दी है.
जल्द बनेगा नया शेड्यूल
रेलवे बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि तीनों ट्रेनों के पुनः संचालन को लेकर नया शेड्यूल तैयार किया जाएगा. दरअसल पिछले कुछ सालों में इस रूट पर कुछ नई ट्रेनें भी चली हैं. ऐसे में सभी स्टेशनों की टाइमिंग मैच करके ही इन ट्रेनों के लिए शेड्यूल तैयार किया जायेगा. जल्द ही, इनका संचालन शुरू किया जाएगा.
