भिवानी | त्यौहारी सीजन पर यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए 4 प्रमुख ट्रेनों में अस्थाई तौर पर डिब्बों की संख्या में बढ़ोतरी का फैसला लिया है. उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि सितंबर और अक्तूबर के दौरान दिल्ली- बठिंडा, हिसार- तिरूपति, भिवानी- कालका और भिवानी- मथुरा ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे, ताकि यात्रियों को आसानी से सीट मिल सके.
इन ट्रेनों में बढ़ाई गई डिब्बों की संख्या
दिल्ली- बठिंडा- दिल्ली एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 14731/ 32) में दिल्ली से 1- 30 सितंबर तक और बठिंडा से 2 सितंबर से एक अक्तूबर तक एक द्वितीय शयनयान श्रेणी का कोच जोड़ा जाएगा.
हिसार- तिरूपति- हिसार स्पेशल ट्रेन (ट्रेन नंबर 04717/ 18) में हिसार से 6- 27 सितंबर तक और तिरूपति से 8- 29 सितंबर तक एक थर्ड एसी कोच जोड़ा जायेगा.
भिवानी- कालका- भिवानी (ट्रेन नंबर 14795/ 96) में 11- 30 सितंबर तक तीन द्वितीय साधारण श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे.
भिवानी- मथुरा- भिवानी (ट्रेन नंबर 14725/ 26) में भिवानी से 13 सितंबर से 2 अक्तूबर तक और मथुरा से 14 सितंबर से 2 अक्तूबर तक तीन द्वितीय साधारण कोच जोड़े जाएंगे.
यात्रियों का सफर होगा आसान
कैप्टन शशि किरण ने बताया कि त्यौहारी सीजन पर ट्रेनों में सीटों को लेकर मारामारी हो जाती है. इसीलिए रेलवे ने उपरोक्त ट्रेनों में अस्थाई तौर पर डिब्बों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है ताकि यात्रियों का सफर आसान हो सकें. उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.
