पानीपत | हरियाणा के पानीपत शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और लोगों को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा ओड- ईवन पहल की शुरुआत की गई है. इसके तहत, शहर में विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इस व्यवस्था को 7 दिन के ट्रायल बेस पर शुरू किया गया है. यदि यह प्रयोग सफल रहता है. जनता साथ देती है, तो भविष्य में इसे स्थाई रूप से लागू कर दिया जाएगा.
व्यवस्था में होगा सुधार
इस व्यवस्था का उद्देश्य शहर को जाम मुक्त बनाना, सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाना और आम जनता को सुरक्षित यातायात विकल्प उपलब्ध करवाना है. आने वाले समय में यह व्यवस्था शहर की तस्वीर बदल सकती है. इस विषय में जानकारी देते हुए डीसीपी ट्रैफिक सुरेश सैनी ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट रोड सेफ्टी कमेटी की मासिक बैठक में ऑटो और ई- रिक्शा चालकों के लिए ओड- ईवन स्कीम लागू करने का फैसला लिया गया.
7 दिन के लिए ट्रायल शुरू
बैठक में पाया गया कि शहर में ऑटो और ई- रिक्शा की संख्या काफी ज्यादा हो चुकी है. ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए यह निर्णय आवश्यक था. इसलिए इसे आज से लागू कर दिया गया है. इसके तहत, ऑड नंबर के वाहन एक दिन और ईवन नंबर के वाहन दूसरे दिन चलेंगे. अल्टरनेट दिनों में यह व्यवस्था जारी रहेगी.
डीएसपी ने बताया कि फिलहाल इसे केवल 7 दिनों के लिए लागू किया गया है. परिणामों के आधार पर आगे का निर्णय होगा. दूसरी ओर पुलिस द्वारा ई- रिक्शा और ऑटो चालकों के चालान काटे गए हैं. इसके विरोध में चालक विधायक से मिलने पहुंचे और योजना का विरोध जताया.
