चंडीगढ़ | हरियाणा में छात्रों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (NMMS) के लिए 8 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो रहें हैं. इसके लिए पात्र छात्र भिवानी बोर्ड और SCERT की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन आवेदन 15 अक्टूबर तक कर सकते हैं. इसके लिए राजकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे कक्षा 8वीं के छात्र ही पात्र होंगे.
30 नवंबर को होगी लिखित परीक्षा
छात्रवृत्ति के लिए 30 सितंबर को लिखित परीक्षा का आयोजन होगा. परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को कक्षा नौवीं से लेकर 12वीं तक हर महीने 1,000 रूपए छात्रवृत्ति दी जाएगी. पूरे हरियाणा से छात्रवृत्ति के लिए आवेदन होंगे, जिसमें से 2337 पात्र छात्र चयनित होंगे. आवेदन करने वाला छात्र की कक्षा सातवीं भी राजकीय या अनुदान प्राप्त विद्यालय से पास होनी चाहिए.
परीक्षा के लिए जरूरी निर्देश
- फैमिली आईडी में सालाना आमदनी साढ़े 3 लाख रुपए से कम होनी चाहिए.
- छात्र सिर्फ एक बार ही परीक्षा में शामिल हो सकता है.
- अनुसूचित जाति वर्ग के छात्रों के लिए जाति प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा.
- दिव्यांग छात्र के लिए प्रमाण पत्र अनिवार्य.
2 चरणों में होगी परीक्षा
पहले चरण में छात्र की मानसिक योग्यता को जांचा जाएगा. इसमें 1- 1 नंबर के 90 प्रश्न होंगे. दूसरे चरण में भी जनरल परीक्षा के तहत 1- 1 नंबर के 90 प्रश्न होंगे. इसमें सामाजिक विज्ञान, साइंस व गणित विषय से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा 30 नवंबर को राज्य के विभिन्न शहरों में आयोजित होगी. छात्रवृत्ति का पैसा सीधे छात्रों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाएगा.
