करनाल | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और हरियाणा के बीच सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में एक और बड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो गया है. नई दिल्ली से करनाल के बीच बहुप्रतीक्षित रैपिड रेल परियोजना के लिए नेशनल हाईवे पर सोनीपत, पानीपत और करनाल में कार्यालय बनाने के लिए जगह की तलाश शुरू हो गई है.
इस परियोजना का एलिवेटेड मार्ग NH- 44 से यमुना की ओर बनाया जाएगा. कुंडली में मेट्रो स्टेशन के पास ही रैपिड रेल का स्टेशन होगा. दोनों स्टेशनों को जोड़ने के लिए नेशनल हाईवे के ऊपर फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा.
अधिकांश हिस्सा होगा एलिवेटेड
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन के तहसीलदार जयवीर रंगा ने बताया कि नमो भारत कॉरिडोर हाई स्पीड रैपिड ट्रेन परियोजना दिल्ली के जंगपुरा से शुरू होगी. वहां से सराय काले खां होते हुए कश्मीरी गेट ISBT और अलीपुर से होते हुए कुंडली तक पहुंचेगी. करनाल तक 129 किलोमीटर के मार्ग का ज्यादातर हिस्सा एलिवेटेड होगा. पानीपत में मार्ग अंडरग्राउंड होगा. 5 साल में पूरी होने वाली इस परियोजना के अगले वित्त वर्ष से पहले शुरू होने की संभावना है. इस प्रोजेक्ट पर होने वाले खर्च का 45% हिस्सा हरियाणा सरकार और बाकी 55% खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी.
इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन
इस प्रोजेक्ट में करनाल तक 13 जगहों पर स्टेशन बनाए जाएंगे. इनमें सोनीपत में कुंडली, KMP के नजदीक, बहालगढ़, मुरथल चौक, गन्नौर समालखा, सिवाह बस स्टैंड के निकट, पानीपत में रेलवे स्टेशन से गोहाना की तरफ क्रॉसिंग के पास, सेक्टर 18 पानीपत, घरौंडा, मधुबन, करनाल के सेक्टर 7 में डीसी कार्यालय के पास और अंतिम स्टेशन करनाल के नए बस स्टैंड के पास बनेगा.
