भिवानी | शुक्रवार को भिवानी के स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक बुलाई गई थी, जिसकी अध्यक्षता भिवानी- महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने की. इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा क्रियान्वित सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई.
भिवानी शहर की बदलेगी तस्वीर
बीजेपी सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने कहा कि जल्द ही भिवानी शहर बदले हुए रूप में नजर आएगा. शहर में हांसी रोड पर तिगड़ाना मोड से जुई नहर तक तथा आटो मार्केट चौक पर ताऊ देवीलाल की मूर्ति से गांव हालुवास व आगे बाईपास तक सड़क मार्गों को नेशनल हाईवे के माध्यम से सीमेंटेड फोरलेन किया जाएगा. इन सड़कों की दोनों साइड फुटपाथ बनेंगे और रात का अंधेरा दूर करने के लिए लाइटें लगाई जाएगी, जिससे राहगीरों का आवागमन आसान हो सकेगा.
उन्होंने बताया कि चरखी दादरी रोड पर गांव हालुवास के आगे बाईपास चौक को एलिवेटेड बनाया जायेगा, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके. इन सड़कों के नवनिर्माण की राशि जारी हो चुकी है. बहुत जल्द काम शुरू किया जाएगा. बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता के साथ समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें.
सही तरीके से मिले लाभ
धर्मवीर सिंह ने कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ सही तरीके से मिलना चाहिए. किसानों के साथ किसी तरह की धोखाधड़ी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग में गड़बड़ी करने वाली बीमा कंपनियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा, इसकी रिपोर्ट तैयार करवाकर भिजवाएं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कई गांवों में अभी भी जलभराव हैं. इस पानी को 31 अक्टूबर तक निकालना सुनिश्चित करें ताकि किसान आगामी फसलों की बिजाई कर सकें.
