अंबाला | हरियाणा में हवाई सेवा से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट के बाद अब अंबाला कैंट में बने नए एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई है. इसी साल के आखिर तक इस एयरपोर्ट से फ्लाइट उड़ने की संभावना जताई जा रही है. एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं. अब बस इस एयरपोर्ट से हवाई जहाज की उड़ान भरने का इंतजार हो रहा है.
राजनाथ सिंह ने दी स्वीकृति
बड़ी खुशखबरी यह है कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंबाला कैंट एयरपोर्ट के उद्घाटन की स्वीकृति प्रदान कर दी है. अब केवल तारीख तय करना बाकी है. इसके बाद, औपचारिक रूप से अंबाला कैंट एयरपोर्ट को जनता के लिए खोल दिया जाएगा. हरियाणा सरकार में बिजली एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने यह जानकारी दी है.
परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि अंबाला कैंट एयरपोर्ट का निर्माण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सहयोग से संभव हो पाया है. इस प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने हरसंभव मदद की. उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के शुरुआती चरण में अंबाला से भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या, लखनऊ और जम्मू-कश्मीर के लिए हवाई सेवा शुरू की जाएगी. यह सभी फ्लाइट ‘उड़ान’ योजना के तहत शुरू की जा रही है, जिससे आमजन को सस्ती और सुगम हवाई सेवा उपलब्ध हो सकेगी. उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब अंबाला से देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक हवाई मार्ग से जुड़ने का सपना साकार हो रहा है.
सभी तैयारियां पूरी
केन्द्रीय मंत्री विज ने बताया कि एयरपोर्ट पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. रनवे का निर्माण, टर्मिनल बिल्डिंग, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुविधाओं की सभी व्यवस्थाएं अब पूरी तरह से तैयार हैं. नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी यहां पहले ही तैनात कर दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि अंबाला एयरपोर्ट का डिजाइन आधुनिक जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है. इसमें यात्रियों के लिए एसी वेटिंग रूम, कैफेटेरिया, इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग व्यवस्था और पर्याप्त पार्किंग स्पेस जैसी सुविधाएं शामिल हैं.
रोजगार के अवसर होंगे पैदा
उन्होंने बताया कि अंबाला कैंट एयरपोर्ट शुरू होने से न केवल स्थानीय लोगों को हवाई सेवा का लाभ मिलेगा, बल्कि हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा होंगे. पर्यटन और व्यापार से जुड़े क्षेत्र को सीधा फायदा पहुंचेगा. स्थानीय स्तर पर होटल, टैक्सी सेवा, ट्रेवल एजेंसी, लोडिंग- अनलोडिंग जैसे कई व्यवसायों में रोजगार बढ़ेगा.
विज ने बताया कि उन्हें केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री का लेटर मिला है, जिसमें 3 एयरलाइन्स को अंबाला कैंट एयरपोर्ट से उड़ान भरने को मंजूरी प्रदान की गई है. इसके अलावा, कई अन्य निजी एयरलाइंस भी यहां से अपनी सेवाएं शुरू करने में रुचि दिखा रही है.
