अंबाला | श्री माता वैष्णो देवी मंदिर और जम्मू जाने वाले यात्रियों के लिए लंबे इंतजार के बाद राहत भरी खबर सामने आई है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने 1 नवंबर से कई प्रमुख रूटों पर बंद पड़ी ट्रेनों को फिर से बहाल करने का फैसला लिया है. इसमें माता वैष्णो देवी कटड़ा, जम्मू- तवी, बांद्रा, कोटा और योगनगरी ऋषिकेश को जोड़ने वाली प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं. रेलवे के इस फैसले से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम यात्रियों सभी को राहत पहुंचेगी.
प्रभावित हुई थी रेलसेवा
भारतीय रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि इन सभी ट्रेनों को रेलवे लाइन की तकनीकी जांच और सुरक्षा रिपोर्ट के बाद ही पटरी पर दौड़ाने का फैसला लिया गया है. इन सभी ट्रेनों का 1-5 नवंबर के बीच चरणबद्ध रूप से संचालन शुरू कर दिया जाएगा. बता दें कि करीब 2 महीने पहले भारी बारिश और जलभराव के चलते ट्रेनों का संचालन बुरी तरह से प्रभावित हुआ था. इसके बाद जम्मू से आवागमन करने वाली ट्रेनों को बंद कर दिया गया था.
जम्मू रेल मंडल के सीनियर कमर्शियल रेलवे मैनेजर उचित सिंघल ने बताया कि पहले 5 चरण में कई ट्रेनों का सफलतापूर्वक संचालन फिर से शुरू किया जा चुका है और अब छठे चरण में भी कुछ ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दिखाई जाएगी. धीरे- धीरे सभी ट्रेनों का संचालन सामान्य हो जाएगा.
माता वैष्णो देवी जाने वाली ट्रेनें
- ट्रेन नंबर 19027/28 (जम्मूतवी- बांद्रा टर्मिनस) 3 नवंबर से संचालित होगी.
- ट्रेन नंबर 15655/56 (श्री माता वैष्णो देवी कटरा- कामाख्या) 5 नवंबर से चलेगी.
- ट्रेन संख्या 14609/10 (श्री माता वैष्णो देवी कटरा- योगनगरी ऋषिकेश) 01 नवंबर से चलेगी.
- ट्रेन नंबर 19803/34 (श्री माता वैष्णो देवी कटरा- कोटा ) 2 नवंबर से चलेगी.
