दिल्ली से सटे इस इलाके में बिजली की जर्जर व लटकती तारों से मिलेगा छुटकारा, 29 करोड़ रुपए की योजना मंजूर

झज्जर | दिल्ली से सटे हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ से आमजन के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर के बाजारों में लटक रही बिजली की तारों का जल्द ही स्थाई समाधान किया जाएगा. वीरवार को स्थानीय विधायक राजेश जून ने बिजली विभाग की ओर से बदले जा रहे जर्जर तारों का जायजा लिया.

Power Bijli Electricity

बिजली आपूर्ति में दिखेगा सुधार

बिजली निगम के एसडीओ ने बताया कि करीब 29.7 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च कर बहादुरगढ़ के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सालों पुरानी जर्जर तारों को नई तारों से बदला जाएगा. नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे और पुराने ट्रांसफार्मर की क्षमता को बढ़ाया जाएगा. खुली एलटी लाइनों की जगह सुरक्षित केबल डाली जायेंगी. इस व्यवस्था से बिजली आपूर्ति में जबरदस्त सुधार देखने को मिलेगा और खुले तारों की वजह से होने वाले हादसों को रोका जा सकेगा.

विधायक राजेश जून ने बताया कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान लोगों ने जर्जर, नीचे लटकती और जान जोखिम में डालने वाली तारों की समस्या से छुटकारा दिलाने की मांग की थी. उन्होंने उस समय लोगों से वादा किया था कि सालों पुरानी इस समस्या का स्थाई समाधान किया जाएगा.

उन्होंने सीएम नायब सैनी के समक्ष बहादुरगढ़ की इस गंभीर मांग को उठाया था. मुख्यमंत्री ने उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए 29.7 करोड़ रुपए की योजना को तुरंत मंजूरी प्रदान कर दी थी. बिजली कटौती और कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को देखते हुए नए ट्रांसफार्मर लगाने और क्षमता बढ़ाने की मंजूरी भी उन्होंने तुरंत प्रभाव से दी है.

आमजन से किया आग्रह

राजेश जून ने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि यदि आपको बहादुरगढ़ क्षेत्र के किसी गांव, शहर, गली या चौराहे पर जर्जर या नीचे लटकती हुई बिजली की तारें देखने को मिल रही है तो तुरंत उनके कार्यालय या बिजली विभाग को सूचित करें ताकि जल्द से जल्द स्थाई समाधान किया जा सकें.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.