फरीदाबाद के लोगों को मिलेगा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ, इस सेक्टर में बनेगा नया अस्पताल

फरीदाबाद | हरियाणा की औद्योगिक नगरी फरीदाबाद से आमजन के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां स्वास्थ्य विभाग की ओर से सेक्टर- 56 में लगभग 10 एकड़ जमीन पर 50 बिस्तर का नया अस्पताल बनाया जाएगा. मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा की ओर से इस बाबत प्रस्ताव तैयार कर राज्य के स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय को भेजा गया है.

Hospital Doctor

इन इलाकों को मिलेगा फायदा

सेक्टर- 56 में अस्पताल बनने से सेक्टर- 55 व 56, राजीव कालोनी, समयपुर रोड, गौछी, जीवन नगर, फतेहपुर तगा, कुरैशीपुर, नेकपुर गांव के आसपास की दर्जनों कालोनियां के साथ- साथ 33 फुट रोड संजय कालोनी और सेक्टर- 52 के लोगों को भी घर के पास बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा. NIT फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक सतीश फागना ने पहले सेक्टर- 55 के पोली क्लीनिक के विस्तार का मुद्दा सीएम नायब सैनी के सामने उठाया था. बाद में यह बात सामने आई कि सेक्टर- 55 में जमीन कम है. इस स्थिति में सेक्टर- 56 में 50 बिस्तर का अस्पताल बनाने का प्रस्ताव बनाया गया.

लाखों की आबादी को मिलेगी राहत

अभी सेक्टर- 55 में पोली क्लीनिक जरूर है, मगर वहां स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा इतना ज्यादा मजबूत नहीं है. ऐसे में मजबूरन लोगों को इलाज़ के लिए जिला नागरिक बादशाह अस्पताल का रूख करना पड़ता है. ऐसे में सेक्टर- 56 में अस्पताल बनने से इस क्षेत्र के आसपास की कालोनियों और गांवों के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेगी.

सेक्टर- 56 में अस्पताल बनाने को लेकर सीएम नायब सैनी और स्वास्थ्य निदेशालय के अधिकारियों से बातचीत की है. अस्पताल का प्रस्ताव बनवाया गया है. उम्मीद है कि जल्दी ही प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी. इसके बाद, बिल्डिंग का निर्माण कार्य शुरू होगा- सतीश फागना, बीजेपी विधायक, एनआईटी फरीदाबाद

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.