चंडीगढ़ | हरियाणा में पेपरलेस रजिस्ट्री में निरंतर सुधार की प्रक्रिया जारी है ताकि लोगों को तहसीलों में रजिस्ट्रेशन करवाते समय परेशानी ना झेलनी पड़े. इसी कड़ी में अब पोर्टल पर रिवर्ट विद ऑब्जेक्शन में त्रुटिपूर्ण दस्तावेज वापस करने के लिए निर्धारित 5 दिन का समय जल्द ही कम किया जाएगा, जिससे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में तेजी आयेगी.
3 दिन सुरक्षित रहेंगे दस्तावेज
वित्तायुक्त राजस्व डाॅ. सुमिता मिश्रा ने वीरवार को उपायुक्तों के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली की प्रगति और क्षेत्र- स्तरीय कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि इन सुधारों के बाद सभी भरे हुए दस्तावेज डिलीट होने से पहले 72 घंटों के लिए स्वचालित रूप से सुरक्षित हो जाएंगे. वहीं, रजिस्ट्रेशन चार्ज पूरी प्रक्रिया के दौरान लागू रहेगा.
उन्होंने बताया कि जिला उपायुक्तों द्वारा उठाई गई समस्याओं का तकनीकी टीम द्वारा तत्काल समाधान किया जा रहा है. प्रत्येक तहसील में समर्पित हेल्प डेस्क स्थापित कर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी, जो आनलाइन रजिस्ट्री के दौरान आमजन की मदद करेंगे. इसके अलावा राज्यस्तरीय हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया जाएगा.
कई तरह के दिखेंगे सुधार
डाॅ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि उपायुक्तों को तहसील कर्मचारियों, उप- पंजीयकों और डीड लेखकों के लिए नियमित रूप से व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि नई प्रणाली जीपीए मामलों में उपस्थिति को स्वचालित रूप से दर्ज करती है और एक ही लेनदेन में कई पक्षों का समर्थन करती है.
उन्होंने बताया कि एनओसी नंबर अब स्वचालित रूप से दस्तावेजों पर दिखाई देंगे. नियम व शर्तें 10 हजार शब्दों तक विस्तृत हो सकती है. अधिकारियों की सुविधा के लिए एक ब्लाक खसरा पृष्ठ भी शुरू किया गया है. आपत्तियों के समय किसी भी भौतिक दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी.
