अंबाला | हरियाणा में बच्चों के उज्जवल भविष्य और उच्च शिक्षा प्राप्ति के लिए कैंटोनमेंट बोर्ड ने पढ़ाई के नियमों में कुछ बदलाव किए है. कैंटोनमेंट बोर्ड के स्कूलों में अब बच्चों को अंग्रेजी के प्रति जागृत करने के लिए अंग्रेजी माध्यम से शिक्षित किया जाएगा. अब विद्यार्थी बोर्ड के स्कूलों में हरियाणा बोर्ड की जगह केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) पैटर्न से पढ़ाई करेंगे. यह पैटर्न नव वर्ष के शुरुआत से जारी होगा.
बोर्ड ने इस संबंध में प्रक्रिया तेज कर दी है और सीबीआई की तरफ से स्कूलों के कोड जारी कर दिए गए है. जल्द ही, प्रमाणपत्र देकर मान्यता भी प्रदान कर दी जाएगी.
जमा करवाएं जरूरी दस्तावेज
CBSE से मान्यता प्राप्त करने के लिए बोर्ड ने लगभग 6 महीने पहले कार्यवाही आरंभ कर दी थी. इस दौरान बोर्ड ने संबंधित चार स्कूलों से जुड़े प्रत्येक आंकड़े को CBSE बोर्ड के साथ सांझा किया. इसमें मौजूदा समय में करवाई जा रही पढ़ाई का स्तर भी शामिल है. इसके अलावा, स्कूलों में शिक्षकों व बच्चों की संख्या व खेल सहित अन्य सुविधाओं को भी जानकारी दी गई जोकि CBSE पैटर्न हासिल करने के लिए जरूरी होती है.
4 स्कूलों को मिलेगी मान्यता
बोर्ड के अधीन चार स्कूलों को CBSE बोर्ड के तहत पढ़ाई करवाई जाएगी. इसमें बोर्ड के अधीन बीआई बाजार का स्कूल शामिल है, इसके अलावा बीसी बाजार, लालकुर्ती बाजार और रूट्स पब्लिक स्कूल शामिल है. इनमें 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा तक पढ़ाई हो रही है. स्कूलों में बच्चों की संख्या भी 2600 के करीब है.
हरियाणा बोर्ड से होगी 10वीं की परीक्षा
बोर्ड के अधिकारियों ने बताया है कि CBSE के पैटर्न को नए सत्र से शुरू किया जाएगा, ताकि बच्चों की पढ़ाई में बाधा न आए. इसके लिए बच्चो को जागरूक करने के लिए ज्ञान भी दिया जाएगा. मौजूदा समय में जो बच्चे कक्षा 9वीं से 10वीं में जाएंगे. उनकी परीक्षा हरियाणा बोर्ड के माध्यम से ही करवाई जाएगी, ताकि बच्चों को परेशानी का सामना ना करना पड़े.
