नई दिल्ली | केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं के छात्रों के लिए बोर्ड परीक्षा 2025- 26 से बड़ा बदलाव लागू कर दिया है. अब विज्ञान और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में छात्रों को उत्तर पुस्तिका को अलग- अलग सेक्शन में बांटकर ही उत्तर लिखने होंगे. बोर्ड ने स्पष्ट किया कि किसी सेक्शन का उत्तर किसी और सेक्शन में लिखना या मिलाना नहीं होगा. गलत सेक्शन में जवाब लिखने पर उत्तर का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा और छात्र को उस पूरे उत्तर के कोई अंक नहीं मिलेंगे. बाद में सत्यापन और री- वैल्यूएशन में भी इसमें कोई सुधार नहीं किया जाएगा.
कॉपियों की जांच व्यवस्थित
CBSE ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे छात्रों को अभी से इस नए बदलाव के तहत उत्तर लिखने की तैयारी कराए. स्कूलों में हो रही प्री- बोर्ड परीक्षाओं में भी इन दिशा- निर्देशों को लागू करने का आदेश दिया है. बोर्ड के मुताबिक, स्कूल छात्रों को CBSE की वेबसाइट पर जारी सैंपल पेपर से अभ्यास करा सकते है. बोर्ड का मानना है कि इस बदलाव से कापियों की जांच ज्यादा व्यवस्थित होगी और मूल्यांकन की गुणवत्ता बेहतर होगी.
बदलाव क्यों जरूरी?
CBSE अधिकारियों के अनुसार इस बदलाव का उद्देश्य उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन में अधिक पारदर्शिता लाना है. इसके अतिरिक्त, इससे विषय के अनुसार जांच आसान होगी. इससे जांचकर्ताओं को अलग- अलग विषयों के उत्तर देखने में सुविधा होगी.
विज्ञान के प्रश्नपत्र को तीन सेक्शन में बांटा
- सेक्शन A – जीव विज्ञान
- सेक्शन B – रसायन विज्ञान
- सेक्शन C – भौतिकी
सामाजिक विज्ञान के प्रश्नपत्र को चार सेक्शन में बांटा
- सेक्शन A – इतिहास
- सेक्शन B – भूगोल
- सेक्शन C – राजनीति विज्ञान
- सेक्शन D – अर्थशास्त्र
