नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रहने वाली महिलाओं के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. दरअसल, दिल्ली सरकार (Delhi Govt) ने महिलाओं के लिए चलाई गई फ्री बस सेवा के नियमों में कुछ बदलाव किया है. बता दें कि अब फ्री बस सेवा का फायदा लेने के लिए महिलाओं को पिंक कार्ड बनवाना होगा. नए साल के शुभ अवसर पर नए सिस्टम को लागू किया जा सकता है.
कैसे काम करेगा पिंक कार्ड सिस्टम
दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा साल 2019 में लाखों महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा की सुविधा दी गई थी. अब भाजपा सरकार ने इस सेवाओं का फायदा उठाने वाली महिलाओं के लिए ‘पिंक कार्ड’ नाम से एक स्मार्ट सिस्टम लॉन्च किया है. इस नए सिस्टम के अंतर्गत अब महिलाओं को पिंक टिकट नहीं दी जाएगी, वह पिंक कार्ड दिखाकर फ्री बस सेवा का लाभ उठा सकेंगी. नए पिंक कार्ड से सरकार का उद्देश्य सिस्टम में पारदर्शिता लाना है.
कहां और कैसे बनेंगे कार्ड
दिल्ली ट्रांसपोर्ट विभाग (DTC) ने स्मार्ट कार्ड जारी करने के लिए दो निजी वेंडर्स को जिम्मेदारी दे दी है. सरकार इसके लिए अलग- अलग जगहों पर काउंटर खोलेंगी. काउंटर डीएम, एसडीएम के दफ्तरों, बस डिपो और CSC सेंटर पर खोले जाएंगे ताकि लोग यहां आसानी से पहुंच सके. यह कार्ड बनवाने के लिए महिला को दिल्ली का निवासी होना अनिवार्य है और कार्ड के लिए महिला की उम्र न्यूनतम 12 वर्ष होनी चाहिए.
दिल्ली सरकार ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ की शुरुआत की है।
अब 12 वर्ष से अधिक आयु की बेटियां, बहनें और माताएं डीटीसी और क्लस्टर बसों में निःशुल्क और सहज यात्रा कर सकेंगी।
यह पहल दिल्ली में महिलाओं के लिए यात्रा को आसान बनाने, सार्वजनिक परिवहन के… pic.twitter.com/CdJQAvCr6O
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) November 2, 2025
बिना कार्ड के लगेगी टिकट
नई व्यवस्था में सफर करने वाली महिलाओं से कंडक्टर स्मार्ट कार्ड लेंगे और ETM पर टच करके वापस दे देंगे. यदि किसी महिला के पास स्मार्ट कार्ड नहीं होगा तो उसे टिकट लेनी होगी. महिलाओं को सुरक्षा सुविधा प्रदान करने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है. पिंक कार्ड के अलावा 2 अन्य श्रेणी के लिए भी स्मार्ट कार्ड बनाएं जाएंगे.
