भिवानी | नए साल के शुभ अवसर पर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इस मौके पर होने वाली अतिरिक्त भीड़-भाड़ से निजात दिलाने के लिए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि में विस्तार करने का फैसला लिया है. रेलवे के इस फैसले से खासतौर पर मुंबई की ओर सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर यात्रा की सुविधा मिलेगी.
इन ट्रेनों की संचालन अवधि में विस्तार
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 09083/84, मुंबई सेंट्रल- भगत की कोठी- मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि में विस्तार किया गया है. यह ट्रेन मुंबई सेंट्रल से 7 जनवरी से 25 फरवरी तक कुल आठ ट्रिप तथा भगत की कोठी से 9 जनवरी से 27 फरवरी तक कुल आठ ट्रिप संचालित की जाएगी.
मुंबई की यात्रा होगी आसान
इसी तरह ट्रेन नंबर 09001/02, मुंबई सेंट्रल- भिवानी- मुंबई सेंट्रल द्वि- साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि में भी विस्तार किया गया है. यह ट्रेन मुंबई सेंट्रल से 2 जनवरी से 27 फरवरी तक तथा भिवानी स्टेशन से 3 जनवरी से 28 फरवरी तक कुल 17 ट्रिप संचालित की जाएगी.
ट्रेन नंबर 09001, मुंबई सेंट्रल- भिवानी द्वि- साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को मुंबई सेंट्रल से सुबह साढ़े 10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 07.20 बजे जयपुर और दोपहर 1 बजे भिवानी पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09002, भिवानी- मुंबई सेंट्रल द्वि- साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शनिवार को भिवानी से 14.35 बजे रवाना होकर अगले दिन 16.30 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी.
सफर करना होगा आसान
कैप्टन शशि किरण ने बताया कि इन सभी स्पेशल ट्रेनों का संचालन समय और स्टेशनों पर ठहराव पहले की तरह ही रहेगा. उन्होंने बताया कि संचालन अवधि में विस्तार से यात्रियों को आरक्षण की सुविधा मिलेगी और नए साल पर सफर करना आरामदायक हो जाएगा.
