पानीपत | हरियाणा में मौसम तंत्र प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. इसी कड़ी में पानीपत जिले के समालखा स्थित पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (PIET) में जल्द ही एक आधुनिक ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन की शुरुआत होने जा रही है. बता दें कि यह परियोजना पुणे, महाराष्ट्र में भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के सहयोग से स्थापित किया जाएगा. इसको लेकर दोनों संस्थानों के बीच आपसी समझौता हो गया है.
मौसम की सटीक जानकारी
PIET के वाइस चैयरमैन राकेश तायल ने बताया कि IITM एक प्रतिष्ठित संस्थान है जो मौसम विज्ञान और जलवायु अनुसंधान के लिए काम करता है. इसका कार्य भारत के लिए सही मौसम भविष्यवाणी प्रणालियों को विकसित करना है. पानीपत में आरंभ होने वाले ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन के जरिए तापमान, आर्द्रता, हवा की दिशा एवं गति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल जाएगी. इससे मौसम का पूर्वानुमान लगाया जा सकेगा.
किसानों को मिलेगी सहायता
विशेषज्ञों का मानना है कि वेटर स्टेशन स्थापित होने से पानीपत और आसपास एरिया के लोगों को लाभ मिलेगा. विशेष रूप से किसानों को फायदा होगा क्योंकि उन्हें मौसम की सटीक जानकारी उपलब्ध होगी. इससे उनकी फसलों को होने वाले नुकसान को कुछ हद तक कम किया जा सकेगा. IITM पर IITM की ओर से परियोजना निदेशक डॉ. थारा प्रभाकरन और परियोजना अन्वेषक डॉ. शिवसाई ने हस्ताक्षर किए. इस मौके पर PIET के निदेशक, विभागाध्यक्ष तथा परियोजना से जुड़े वैज्ञानिक एवं संबंधित सदस्य भी उपलब्ध रहे.
