नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. दरअसल, दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक एक आम समस्या बनता जा रहा है और इसी से निजात पाने के लिए दिल्ली पुलिस ने एक ठोस कदम उठाया है. बता दें कि उपराज्यपाल V.K. सक्सेना के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने बॉक्स पार्किंग की व्यवस्था लागू की है. इसका उद्देश्य पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाना और ट्रैफिक को कम करना है.
क्या है बॉक्स पार्किंग?
बॉक्स पार्किंग एक ऐसा सिस्टम है, जिसमें नियम के अनुसार जगह तय की जाएगी और उस तय जगह के अंदर ही वाहन खड़े किए जाएंगे. नियम साफ है सड़क के किनारे सफेद या पीले रंग से आयताकार बॉक्स बनाए जाएंगे और उस बॉक्स में गाड़ी खड़ी करनी होगी. इससे होगा ये कि सड़क का बीच का हिस्सा खाली रहेगा, जिससे वाहन आसानी से जा सकते है. नियम का पालन न करने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. यह तरीका स्मार्ट प्लानिंग का हिस्सा है और कई बड़े शहरों में सुचारू रूप से काम कर रहा है.
इन इलाकों में लागू होगी बॉक्स पार्किंग
वर्तमान में दिल्ली पुलिस ने लगभग 56 व्यस्त स्थानों पर बॉक्स पार्किंग को लागू किया है. इसमें पूर्वी दिल्ली में 14, दक्षिणी में 10, उत्तरी में 11, मध्यस्थ में 9 और पश्चिमी व नई दिल्ली के 6 – 6 इलाके शामिल किए गए है. इसके अलावा चांदनी चौक, कमला नगर, विकास मार्ग, नेताजी सुभाष प्लेस, गांधी नगर, रोहिणी, द्वारका और युसूफ सराय जैसे इलाकों में यह नियम लागू किया गया है. इन जगहों पर भीड़ ज्यादा होने से ट्रैफिक का दबाव ज्यादा होता है.
बॉक्स पार्किंग का फायदा
बॉक्स पार्किंग से सड़कों पर व्यवस्थित पार्किंग होगी और ट्रैफिक कम होगा. ट्रैफिक जाम कम होने से समय और ईंधन दोनों कम खर्च होंगे. इसके अतिरिक्त इमरजेंसी की स्थिति में वाहन को आसानी से निकाला जो सकेगा. कारों के अलावा दोपहिया वाहन पर भी यह नियम लागू कर दिया गया है. इस नियम का सख्ती से पालन किया जाएगा और नियम तोड़ने वाले पर जुर्माना लगाया जाएगा.
