नई दिल्ली | केंद्र सरकार पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रित परिवारों की आर्थिक सहायता के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है. इसी कड़ी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व सैनिकों के लिए वित्तीय सहायता में 100% वृद्धि को मंजूरी दे दी है. यह बढ़ाई गई राशि पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को केंद्रीय सैनिक बोर्ड के माध्यम से दी जाएगी. रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी है कि पूर्व सैनिक कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए वित्तीय सहायता में पूरे 100 फीसदी की बढ़ोतरी का तोहफा दिया गया है.
पूर्व सैनिकों को सौगात
पूर्व सैनिकों की बेटियों की शादी के लिए विवाह अनुदान के रूप में 50 हजार रुपए की वित्तीय सहायता दी जाती थी, लेकिन इसे बढ़ाकर 1 लाख रुपए कर दी गई है. यह विवाह अनुदान पूर्व सैनिक की अधिकतम दो बेटियों को मिलेगा. इसके अतिरिक्त, पूर्व सैनिकों के आश्रित दो बच्चों या दो वर्षीय मास्टर डिग्री कर रही उनकी विधवाओं के लिए शिक्षा अनुदान के रूप में दी जाने वाली 1 हजार रुपए की राशि को बढ़ाकर 2 हजार रूपए कर दिया गया है.
A 100% increase in financial assistance for Ex-Servicemen (ESM) and their dependents under schemes implemented by the Department of Ex-Servicemen Welfare through Kendriya Sainik Board reaffirms the Government’s commitment to honouring the service and sacrifice of the veterans. pic.twitter.com/Fo4pob7HyS
— Ministry of Defence, Government of India (@SpokespersonMoD) January 10, 2026
सेवा और बलिदान को सम्मान
रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए वित्तीय सहायता में 100% की वृद्धि पूर्व सैनिकों की सेवा और बलिदान को फिर से सम्मानित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है. इसके अलावा, उन्होंने पेन्युरी ग्रांट को प्रति व्यक्ति 4 हजार रुपए से बढ़ाकर 8 हजार रूपए कर दिया है. इससे वृद्ध एवं पेंशनभोगी पूर्व सैनिकों और 65 वर्ष से अधिक आयु की उनकी विधवाओं को जीवन भर सहायता मिलती रहेगी.
