चंडीगढ़, Haryana Weather Update | पूरे हरियाणा में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का दौर लगातार जारी है. सुबह के समय घने कोहरे से दृश्यता लगभग 40 मीटर की रही है, जिसके कारण सड़कों पर वाहनों की गति कम दिखाई दी और कई ट्रेनें व बस अपने स्टेशन पर लेट पहुंची. कमजोर पश्चिमी प्रणाली के चलते बादलवाई बनी हुई है. आने वाले दिनों में हवा में परिवर्तन से बादलों में कमी आएगी.
हरियाणा में मौसम का हाल
हिसार जिले में सर्द हवाओं में पहले से कुछ कमी दर्ज की गई है. यहां अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा है. न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा है. नारनौल में यह सबसे कम 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. ठंड के देखते हुए सरकार ने स्कूलों की छुट्टियां 2 दिन बढ़ा दी थी, अब सोमवार को सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल खुलेंगे.
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 19 जनवरी फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम में बदलाव आने की संभावना है. 19 और 20 जनवरी को तेज हवाओं के चलते हरियाणा में कई जगहों पर हल्की बूंदाबादी हो सकती है इसीलिए आज हरियाणा में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा, 22 जनवरी को फिर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिससे उन दिनों प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं के साथ ओले पड़ने की भी संभावना है.
