रेवाड़ी के घोड़े ‘ओरिजनल आउटलॉ’ ने दुबई में दिखाया दमखम, रेस में हासिल किया दूसरा स्थान

रेवाड़ी | हरियाणा के घोड़े ने विश्व पटल पर भारत का नाम रोशन किया है. बता दें कि दुबई के दौड़ मैदान में आयोजित हुई 1400 मीटर रेस में रेवाड़ी के गोइड़ा निवासी रवि चौहान के घोड़े ‘ओरिजनल आउटलॉ’ ने दुबई में अपना दमखम दिखाते हुए 14 घोड़ों के बीच दूसरा स्थान हासिल किया. इससे पहले यह घोड़ा अबू धाबी दौड़ क्लब में भी दूसरा स्थान हासिल कर हिंदुस्तान का गौरव बढ़ा चुका है.

Original Outlaw

हिंदुस्तान के चैंपियन घुड़सवार सूरज नरडू ने इस दौड़ में ओरिजनल आउटलॉ की सवारी की. इस घोड़े को दुबई के ट्रेनर डग वॉटसन ने तैयार किया है. बता दें कि ब्रिटेन नस्ल का यह घोड़ा कुछ ही दिनों के भीतर दो इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में दूसरा स्थान हासिल कर न केवल हिंदुस्तान बल्कि रेवाड़ी और गोठड़ा का भी गौरव बढ़ाया है.

रेवाड़ी के रविंद्रगढ़ के नाम से बनाई पहचान

गोठड़ा गांव निवासी रविंद्र चौहान ने रविंद्रगढ़ नाम से अपना फॉर्म हाउस बनाया हुआ है. वे अपनी पत्नी अनीता चौहान के साथ ओरिजनल आउटलॉ घोड़े को लेकर दुबई में आयोजित हुई रेस में पहुंचे थे. वहां उनकी पहचान रविंद्रगढ़ के ‘कुंवर रवि चौहान’ और ‘रानी अनीता चौहान’ के रूप में बनी हुई है.

यह भी पढ़े -  रेवाड़ी से खाटूश्याम जाने वालों को राहत, रेलवे ने बढ़ाई ट्रेन सेवा

बेकाली ने मारी बाजी

इस दौड़ में पहला स्थान दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित और शक्तिशाली रेसिंग अस्तबल ‘गोडोल्फिन’ के घोड़े ‘बेकाली’ ने हासिल किया. ‘गोडोल्फिन’ अस्तबल दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम का है, जिसका दुनिया की बड़ी दौड़ों में दबदबा रहता है.

इंटरनेशनल स्तर पर अपने घोड़े की कामयाबी पर गर्व महसूस करते हुए रवि चौहान ने कहा कि यह केवल उनकी नही बल्कि पूरे देश और प्रदेश की जीत है. यह उनके लिए गर्व की बात है कि उनके घोड़े को विश्व स्तर पर हिंदुस्तान का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है. उन्हें उम्मीद है कि उनका घोड़ा ओरिजनल आउटलॉ आगे भी इसी तरह दमखम दिखाते हुए भारत देश की शान बढ़ाने का काम करेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.