भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET 2025) अब फरवरी के पहले हफ्ते में आयोजित हो सकती है. संभावना है कि अब यह परीक्षा फरवरी के प्रथम सप्ताह में करवाई जाएगी. एचटेट के तीनों लेवल में 2.33 लाख परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है. इससे पहले हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा 17 और 18 जनवरी को कराए जाने का शेड्यूल निर्धारित किया गया था.

फरवरी के फर्स्ट वीक में होगा HTET- 2025
राज्य सरकार से स्वीकृति नहीं मिलने के कारण इस शेड्यूल को स्थगित कर दिया गया था. इसके बाद, बोर्ड अधिकारियों की तरफ से दावा किया गया कि जनवरी के लास्ट हफ्ते में परीक्षा का नया शेड्यूल जारी होगा. अब जनवरी के अंतिम हफ्ते में भी एचटेट का संचालन नहीं हो सकेगा. इसके लिए अब बोर्ड अधिकारी फरवरी के फर्स्ट वीक में एचटेट- 2025 का नया शेड्यूल जारी करने का दावा कर रहे हैं.
सारी तैयारियां पूरी
बोर्ड अधिकारियों की तरफ से यह भी दावा किया जा रहा है कि एचटेट संचालन के लिए सीसीटीवी कैमरा, बायोमीट्रिक, फ्रिस्किंग, जैमर लगाए जाने संबंधी एजेंसियों का प्रबंध किया जा चुका है.
वेबसाइट पर जारी होगा नया शेड्यूल
हरियाणा शिक्षा बोर्ड भिवानी के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार शर्मा ने कहा है कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा फरवरी के पहले सप्ताह में कराए जाने की संभावना है. परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर की जा चुकी हैं. सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही एचटेट का नया शेड्यूल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा. सभी परीक्षार्थी सुचारू रूप से अपनी तैयारी करते रहें.