चंडीगढ़ | बारिश के बाद हरियाणा में कड़ाके की ठंड का असर फिर से दिखाई देने लगा है. पहाड़ो पर बर्फबारी के चलते तेज बर्फीली हवाओं का दौर बढ़ता ही जा रहा है, हालांकि दिन में सूर्य की किरणें दिखाई देती है लेकिन तेज हवाओं ने धूप का असर कम कर दिया. ठंडी शीतल हवाओं के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है.
हरियाणा मौसम अपडेट
तापमान की बात करें तो दिन में तापमान में बर्फीली हवाओं के चलते गिरावट दर्ज की गई है. रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है. राज्य में हिसार जिले का दिन में तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा है. न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है.
आने वाले दिनों में पाला जमने की स्थिति
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में हरियाणा के पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में शीतलहर और पाला जमने की स्थिति बनी रहेगी. 26 जनवरी से मौसम में बदलाव आने की संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी. 27 जनवरी को शीत लहरों का असर थोड़ा कम हो सकता है, इसके साथ रात के तापमान में बढ़ोतरी और दिन के तापमान में कमी देखने को मिल सकती है.
लगातार एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम प्रणाली का उसर उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर ज्यादा असर देखने को मिलेगा. इसके चलते हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर में आज शाम से 27 और 28 जनवरी तक बारिश होने की संभावना है.
