भिवानी | हरियाणा के भिवानी सहित आसपास के क्षेत्रों से मुंबई जाने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने भिवानी से बांद्रा के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने का फैसला लिया है जिसका संचालन आज से हो रहा है. यात्रियों की अतिरिक्त भीड़-भाड़ को देखते हुए बुधवार यानि आज से बांद्रा टर्मिनस- भिवानी- बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया हैं.
मुंबई जाने वालों की हुई मौज
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 09005, बांद्रा टर्मिनस- भिवानी सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 28 जनवरी तथा 4, 11, 18 और 25 फरवरी को प्रत्येक बुधवार को सुबह 11 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होकर अगले दिन सुबह 06.55 बजे जयपुर पहुंचेगी. यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन आगे बढ़ते हुए दोपहर 1 बजे भिवानी स्टेशन पर आगमन करेगी.
इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09006, भिवानी- बांद्रा टर्मिनस 29 जनवरी तथा 5, 12, 19 और 26 फरवरी को भिवानी से दोपहर 02.35 बजे रवाना होकर शाम 07.40 बजे जयपुर पहुंचेगी. यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन आगे बढ़ते हुए अगले दिन शाम 04.10 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, पालघर, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, दौसा, अलवर, रेवाड़ी, कोसली और चरखी दादरी स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इस ट्रेन में यात्रियों को एक सेकेंड एसी, 5 थर्ड एसी, 13 द्वितीय शयनयान, दो जनरल कोच और दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 23 डिब्बों की सुविधा मिलेगी.
रूट डायवर्ट से चलेगी कोटा- सिरसा ट्रेन
कैप्टन शशि किरण ने बताया कि चूरू-सादुलपुर रेलखंड के हड़याल स्टेशन पर सब-वे कार्य को लेकर रेलवे द्वारा ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके चलते कुछ ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा. उन्होंने बताया कि ट्रेन नंबर 19813, कोटा- सिरसा ट्रेन 29 और 31 जनवरी तथा 2 और 5 फरवरी को कोटा से प्रस्थान कर रूट डायवर्ट के चलते सीकर, लोहारू और सादुलपुर होकर चलेगी. इस दौरान यह ट्रेन बीच रास्ते नवलगढ़, डूंडलोद मुकंदगढ़, झुंझुनू, चिड़ावा, सूरजगढ़ और लोहारू स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
