झज्जर | हरियाणा विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित हार झेलने वाली कांग्रेस पार्टी ने राज्य में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है. इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने झज्जर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी है. प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह द्वारा जारी की गई नई लिस्ट में अनुभवी चेहरों और युवाओं के बीच सटीक संतुलन बिठाया गया है ताकि आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए जमीन तैयार की जा सकें.
पूर्व ACP की नियुक्ति बनी चर्चा का विषय
इस नई कार्यकारिणी में पूर्व ACP राजबीर सिंह जाखड़ की नियुक्ति सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बनी हुई है. इन्हें जिला उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है. बता दें कि पूर्व एसीपी अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव, कानून-व्यवस्था पर पकड़ और आमजन की भलाई से जुड़े कार्यों के लिए विख्यात रहे हैं. उनकी नियुक्ति को लेकर राजनीतिक एक्सपर्ट का कहना है कि इससे पार्टी को जमीनी स्तर पर राजनीतिक ताकत मिलेगी.
कांग्रेस पार्टी ने उनके साथ सुरेश सोलंकी, धर्मेंद्र जेलदार, सुमन लोहचब और भीम गुलिया सोंधी को भी उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है. वहीं, रविंद्र शर्मा को ‘महासचिव संगठन’ जैसे महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है जबकि वित्तीय प्रबंधन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शीतल कुच्छल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
8 महासचिवों की नियुक्ति
प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने आठ महासचिवों की नियुक्ति करते हुए एक मजबूत टीम तैयार की हैं जिसमें संगीता हुड्डा, यशवंत दुल्हेड़ा, प्रदीप खुड्डन, विनोद खरमान, वीरेंद्र कौशिक, गजानंद गर्ग, सतपाल दहिया और संजीव मलिक शामिल हैं.
इसके अलावा बूथ और ब्लॉक स्तर पर राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए 18 सचिवों की नियुक्ति की गई है. इनमें देवराज, सोमबीर मेहराणा, संदीप राठी, सतीश मुद्गिल, सुनील दलाल, बलराम दलाल, सत्ते प्रजापत, संजय शर्मा, प्रवीण गुर्जर, नरेश कुमार, जतिन नांदल, गोपी माजरा, रविंद्र जाखड़, रामधन कुलासी, रविंद्र सहरावत, शीला देवी, सुंदर लाल जांगड़ा और सुभाष छिल्लर को शामिल किया गया है.
