नई दिल्ली | राशनकार्ड धारकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि मुफ्त अनाज योजना के तहत राशन लेने की प्रक्रिया में बड़े बदलाव की तैयारियां शुरू हो गई है. केंद्र सरकार डिजिटल फूड कूपन शुरू करने जा रही है जिससे लोगों को राशन लेने के लिए न तो कागजी राशन कार्ड साथ रखना पड़ेगा और न ही बार- बार मशीन पर अंगूठा लगाना पड़ेगा.
मोबाइल फोन बनेगा राशनकार्ड
आने वाले समय में लाभार्थी का मोबाइल फोन ही राशन कार्ड की तरह काम करेगा. सरकार का मकसद है कि राशन वितरण की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और भरोसेमंद बने ताकि आम आदमी को लाइन में लगने एवं तकनीकी दिक्कतों से राहत मिल सके.
यह व्यवस्था भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की डिजिटल करेंसी पर आधारित होगी. इसे डिजिटल फूड कूपन कहा जा रहा है. यह पहली बार होगा जब केंद्रीय बैंक की डिजिटल मुद्रा का उपयोग सीधे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किया जाएगा. प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत मिलने वाले अनाज को इन कूपनों से जोड़ा जाएगा. जो अधिकार अभी राशन कार्ड से मिलते हैं वही अब मोबाइल वॉलेट में मौजूद कूपन के रूप में मिलेंगे.
3 राज्यों में पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत
पायलट प्रोजेक्ट के तहत चंडीगढ़, पुडुचेरी और गुजरात के 3 जिलों आणंद, साबरमती व दाहोद से शुरुआत होनी है. पहले चरण में बहुत कम संख्या में लोगों को शामिल किया जा रहा है ताकि समझा जा सके कि नेटवर्क, मोबाइल इस्तेमाल और दुकानों पर व्यवस्था लागू करने में किस तरह की दिक्कतें आती हैं. इन्हीं अनुभवों के आधार पर बाद में इस मॉडल को पूरे भारत में लागू किया जाएगा.
हेरा- फेरी की गुंजाइश होगी खत्म
अभी राशन व्यवस्था में अंगूठे का निशान नहीं मिलने, मशीन खराब होने या गलत प्रविष्टि जैसी शिकायतें आती हैं. QR कोड से राशन मिलने पर ऐसी दिक्कतें खत्म हो सकती हैं. लेन- देन का डिजिटल रिकॉर्ड रहने से अनाज की हेराफेरी और फर्जी लाभ उठाने की गुंजाइश भी कम होगी. प्रयोग सफल रहा तो राशन डिपो पर लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा.
ऐसे काम करेगी नई व्यवस्था
इस नई व्यवस्था में पात्र परिवारों के मोबाइल फोन में हर महीने डिजिटल फूड कूपन जमा कर दिए जाएंगे. ये कूपन खास तरह के वॉलेट में रहेगे, जिन्हें केवल राशन की दुकान पर ही इस्तेमाल किया जा सकेगा. लाभार्थी जब उचित मूल्य की दुकान पर जाएगा तो दुकानदार के पास लगे QR कोड को अपने मोबाइल फोन से स्कैन करेगा.
स्कैन होते ही कूपन कट जाएंगे और राशन मिल जाएगा. न कार्ड दिखाने की जरूरत होगी और न ही अंगूठा लगाने की मजबूरी. पूरा लेन- देन अपने आप रिकॉर्ड हो जाएगा.
